मोहम्मद सईद
शहडोल, 14 मई ; अभी तक ; कर्नाटक के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मिले प्रचंड बहुमत से यहां के कांग्रेस कार्यकर्ता भी बेहद प्रसन्न और उत्साहित हैं। कांग्रेस की इस ऐतिहासिक जीत पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जिले भर में जगह-जगह ढोल नगाड़ों के बीच नृत्य करते हुए जमकर पटाखे फोड़े। कांग्रेसियों ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर भी अपनी प्रसन्नता का इजहार किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सोनिया गांधी व राहुल गांधी सहित तमाम वरिष्ठ नेताओं के जिंदाबाद और कर्नाटक में भाजपा हारी है और अब मध्य प्रदेश की बारी है जैसे नारे भी लगाए।


जनता ने नफरती ताकतों को शिकस्त दी

भारत जोड़ो यात्रा का दिखा असर
शहडोल जिले के वरिष्ठ कांग्रेस नेता और धनपुरी नगर पालिका परिषद के उपाध्यक्ष हनुमान खंडेलवाल ने कहा कि कर्नाटक की जनता ने नफरत का अंत कर भाईचारे की शुरुआत कर दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा ने कर्नाटक के लोगों को बेहद प्रभावित किया, जिसका परिणाम आज सबके सामने है। कांग्रेस नेता श्री खंडेलवाल ने कहा कि मध्य प्रदेश की जनता भी भारतीय जनता पार्टी के कुशासन से त्रस्त है और वह भाजपा को सबक सिखाने को आतुर है।
मध्यप्रदेश में भी दिखेगा असर
शहडोल नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष व कांग्रेस नेता घनश्याम जायसवाल ने कहा कि कर्नाटक की जीत का असर मध्यप्रदेश में भी दिखेगा। उन्होंने कहा कि इस जीत ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए संजीवनी का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुभाष गुप्ता के नेतृत्व में कांग्रेस शहडोल जिले की तीनों विधानसभा सीट पर विजय का परचम लहराएगी। श्री जायसवाल ने यह भी कहा कि नफरत की राजनीति करने वालों को कर्नाटक की जनता ने सबक देकर विकास की राजनीति को पसंद किया है।