मयंक शर्मा
खंडवा ४ अगस्त ;अभी तक;
हरफनमौला कलाकार किशोर कुमार के जन्मदिन पर किशोर दा के प्रशंसकों के साथ
हर आम ओ खास ने किशोर दा को सुरमयी श्रद्धांजलि दी। 4 अगस्त को दिनभर
फिजाओं में किशोर दा के नग्मे गूंजे और किशोर प्रशंसक झूमते रहे। मुख्य
आयोजन सुबह किशोर समाधि पर हुआ। यहां कलेक्टर अनूप कुमार सिंह, पुलिस
अधीक्षक विवेक सिंह ने किशोर दा के गीत पल-पल दिल के पास की प्रस्तुति
मंच से दी। नवनिर्वाचित महापौर अमृता अमर यादव ने भी किशोर समाधि पहुंचकर
पुष्पांजलि अर्पित की। वहीं, मुंबई से आए गायक अमय दाते ने भी किशोर दा
को सुरमयी श्रद्धांजलि दी।
इंदौर रोड स्थित किशोर समाधि पर जन्मदिन के अवसर पर सुबह से ही किशोर
प्रशंसकों का तांता लग गया। यहां किशोर समाधि को नगर निगम द्वारा फूलों
से सजाया गया। जिला प्रशासन, नगर निगम, किशोर सांस्कृतिक प्रेरणा मंच की
ओर से यहां सुरमयी श्रद्धांजलि का आयोजन किया गया। किशोर प्रशंसकों ने
समाधि पर दूध-जलेबी का भोग लगाया। किशोर सांस्कृतिक प्रेरणा मंच की ओर
से अध्यक्ष रणबीरसिंह चावला, आशीष चटकेले, नारायण बाहेती, मीडिया
प्रभारी सुनील जैन ने श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान सभी ने किशोर दा
के गीत भी गुनगुनाए।
जगह-जगह हुए आयोजन
किशोर दा के जन्मदिन पर गुरुवार को किशोर समाधि सहित उनके पैतृक मकान पर
भी प्रशंसकों ने पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। यहां किशोर दा के
प्रशंसकों ने केक भी काटा। इसके साथ ही माणिक्य स्मारक में भी गीतांजलि
का आयोजन हुआ।
Post your comments