खेलो इंडिया- गतका की स्पर्धा खेलो इंडिया- गतका की स्पर्धा में एमपी ने जीते, पहले दिन के मैच 256 खिलाड़ी ले रहे भागमें एमपी ने जीते पहले दिन के मैच 256 खिलाड़ी ले रहे भाग

2:42 pm or February 3, 2023

प्रहलाद कछवाहा

मंडला 03  फरवरी ; अभी तक. खेलो इंडिया यूथ गेम्स के अंतर्गत मंडला में गतका एवं थांगता प्रतिस्पर्धा की शानदार शुरूआत इंडोर स्टेडियम में की गई।  शुभारंभ कार्यक्रम में पूर्व राज्यसभा सांसद संपतिया उईके, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, नपा अध्यक्ष विनोद कछवाहा, एडीएम मीना मसराम, जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड, सहायक कलेक्टर अर्थ जैन, एएसपी श्री कंवर, उपाध्यक्ष अखिलेश कछवाहा, सांसद प्रतिनिधि जयदत्त झा एवं प्रफुल्ल मिश्रा, समाजसेवी भीष्म द्विवेदी, गतका फेडरेशन के जनरल सेक्रेटरी बलजिंदर सिंह त्रूर, उपसंचालक स्पोट्र्स अथॉरिटी ऑफ  इंडिया अतुल कुमार सिंह, एसटीसी जबलपुर इंचार्ज कुलदीप सिंह बरार, अमृतपाल सिंह, जोरावर सिंह, गुरप्रीत सिंह प्रधान सहित खेल पदाधिकारी, संबंधित अधिकारी, खिलाड़ी, कोच, स्टॉफ एवं बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित थे।

                        शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व राज्यसभा सांसद संपतिया उईके ने खेलेगा इंडिया-जीतेगा इंडिया के उदघोष के साथ खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन किया। जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम ने यूथ गेम्स, गतका के इतिहास तथा भारतीय संस्कृति के इन खेलों के बारे में चर्चा करते हुए खिलाडिय़ों को शुभकामनाएं दी। नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा ने अपने संबोधन में खेल महोत्सव में शामिल हुए सभी खिलाडिय़ों, स्टॉफ एवं पदाधिकारियों का नगरवासियों की ओर से स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन अखिलेश उपाध्याय ने किया।

हर्षप्रीत ने शपथ, बलजिंदर ने की शुभारंभ घोषणा :

                     शुभारंभ कार्यक्रम में दिल्ली की खिलाड़ी हर्षप्रीत कौर ने मंच से सभी खिलाडिय़ों को खेल भावना का पालन करने की शपथ दिलाई। इसी प्रकार गतका फेडरेशन के जनरल सेक्रेटरी बलजिंदर सिंह त्रूर ने अपने संबोधन में खेल महोत्सव में भाग लेने वाले सभी खिलाडिय़ों, कोच, स्टॉफ एवं संबंधितों का स्वागत किया तथा मंच से खेलो इंडिया यूथ गेम्स के शुभारंभ की घोषणा की। शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान टेक्निकल स्टॉफ मनविंदर सिंह, जगदीश सिंह, हरमन सिंह, राजीव सिंह, रघवीर सिंह, गुरलाल सिंह, दिलीप सिंह तथा अन्य स्टॉफ का सहयोग रहा।

256 खिलाड़ी ले रहे भाग :

                            खेलो इंडिया यूथ गेम्स के अंतर्गत मंडला में 2 फरवरी से पंजाबी आत्मरक्षा शैली गतका के आयोजन प्रारंभ हुए। 2 से 4 फरवरी तक आयोजित हो रहे गतका स्पर्धा में 20 राज्यों के लगभग 128 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। इसी प्रकार थांगता खेल में 21 राज्यों के 128 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। शुभारंभ कार्यक्रम में सभी राज्यों के खिलाड़ी अपने दल के साथ झंडा लेकर कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान ड्रम के दल ने अगवानी की। पंजाब के खिलाडिय़ों ने अतिथियों एवं दर्शकों के समक्ष विभिन्न पंजाबी हथियारों के साथ प्रस्तुति दी। इस दौरान पूरा स्टेडियम रोमांचित हुआ एवं सभी ने ताली बजाकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

पहले दिन 20 मैच, एमपी ने जीते दोनों वर्गों के मैच :

                             खेलो इंडिया यूथ गेम्स के पहले दिन के शुभारंभ के  बाद प्रात: 11 बजे से महिला वर्ग के मैच प्रारंभ हुए, जो दोपहर 1:30 बजे तक लंच तक खेले गए। दोपहर 1:30 बजे से 2:30 बजे तक लंच ब्रेक हुआ। दोपहर 2:30 बजे से महिला एवं पुरूष वर्ग की स्पर्धाएं आयोजित हुई, जो शाम 5 बजे तक चली। गतका फेडरेशन के जनरल सेक्रेटरी बलजिंदर सिंह त्रूर ने बताया कि पहले दिन महिला वर्ग के फर्री-सोती टीम ईवेंट तथा पुरूष वर्ग के सिंगल-सोती के कुल 20 मैच हुए। मप्र ने महिला एवं पुरूष वर्ग के दोनों गतका मैच जीते। 3 फरवरी से क्वालीफायर राऊँड प्रारंभ होंगे जिसके अंतर्गत महिला एवं पुरूष वर्ग के मैच होंगे। 3 फरवरी तक शाम 4:30 बजे तक महिला एवं पुरूष वर्ग के अलग-अलग स्तर के मैच होंगे। 4 फरवरी को प्रात: 10 बजे से सेमी फाईनल राउंड प्रारंभ होंगे। 4 फरवरी को फाईनल राउंड दोपहर 12:30 बजे से प्रारंभ होंगे। लंच ब्रेक के बाद पुरूस्कार वितरण कार्यक्रम होगा।