खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2022 मणिपुर ने बिहार को 7-0 से हराया, हरियाणा और पश्चिम बंगाल का मैच ड्रा रहा

6:34 pm or February 2, 2023

आनंद ताम्रकर

बालाघाट २ फरवरी ;अभी तक;

खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2022 के अंतर्गत बालाघाट मुलना स्टेडियम में 01 से 10 फरवरी 2023 तक महिला फुटबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश, दमन-दादर, अरूणाचल प्रदेश, केरल, मणिपुर, बिहार, पश्चिम बंगाल एवं हरियाणा की टीम भाग ले रही है।
                                 आज 02 फरवरी 2023 को हुए पहले मैच में मणिपुर की टीम ने बिहार की टीम को 07-00 से हरा दिया है। मणिपुर की टीम ने अच्छा खेल दिखाया और बिहार पर लगातार दबाव बनाये रखा। मैच के पहले हाफ में मणिपुर की टीम ने 03 गोल किये और दूसरे हाथ में 04 गोल किये। जबकि बिहार की टीम कोई भी गोल नहीं कर सकी। इस प्रकार मणिपुर की टीम ने यह मैच 07-00 से जीत लिया। मणिपुर की टीम से बबिचा देवी ने पहले हाफ में 03 एवं दूसरे हाफ में 01 गोल किया। इस प्रकार इस मैच में बबिचा देवी ने 04, रेमी थोकचोम ने 01, अंजू देवी ने 01 एवं रोमिना बेगम ने 01 गोल किया। 02 फरवरी को हुए दूसरे मैच में हरियाणा का सामना पश्चिम बंगाल की टीम से हुआ। इसमें दोनो टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया, लेकिन कोई भी टीम गोल करने में सफल नहीं हो सकी। इस प्रकार यह मुकाबला ड्रा रहा है।
जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिका अध्यक्ष एवं कलेक्टर-एसपी भी पहुंचे मैच देखने
                               मणिपुर और बिहार का मैच देखने जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सम्राट सिंह सरस्वार भी पहुंचे थे। दोपहर में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती भारती सुरजीत सिंह ठाकुर भी पार्षदों के साथ मैच देखने स्टेडियम पहुंची थी। कलेक्टर डॉ गिरीश कुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री समीर सौरभ, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विवेक कुमार, अपर कलेक्टर श्री शिवगोविंद मरकाम हरियाणा और पश्चिम बंगाल का मैच देखने पहुंचे थे। कलेक्टर डॉ मिश्रा एवं अन्य अधिकारियों ने मैच के प्रारंभ में दोनो टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें अच्छा प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनायें दी।
03 फरवरी को मध्यप्रदेश-अरूणाचल प्रदेश एवं केरल-दमन-दादर का होगा मैच
                                03 फरवरी को प्रात: 10 बजे से मध्यप्रदेश के विरूद्ध अरूणाचल प्रदेश एवं दोपहर 2.30 बजे से केरल के विरूद्ध दमन एवं दादरा की टीम खेलेगी। 04 फरवरी को प्रात: 10 बजे से मणिपुर के विरूद्ध हरियाणा एवं दोपहर 2.30 बजे से पश्चिम बंगाल के विरूद्ध बिहार की टीम खेलेगी। 05 फरवरी को प्रात: 10 बजे से दमन एवं दादरा के विरूद्ध अरूणाचल प्रदेश एवं दोपहर 2.30 बजे से केरल के विरूद्ध मध्यप्रदेश की टीम खेलेगी। 06 फरवरी को प्रात: 10 बजे से बिहार के विरूद्ध हरियाणा एवं दोपहर 2.30 बजे से पश्चिम बंगाल के विरूद्ध मणिपुर की टीम खेलेगी। 08 फरवरी को सेमी फायनल एवं 10 फरवरी को फायनल मैच खेला जायेगा।
01 से 10 फरवरी 2023 तक बालाघाट में आयोजित महिला फुटबाल प्रतियोगिता में 14 से 18 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं की 08 टीम भाग ले रही है। इस प्रतियोगिता की टीमों को दो ग्रुप-ए एवं बी में बांटा गया है। ग्रुप-ए में दमन एवं दादरा, अरूणांचल प्रदेश, केरल एवं मध्यप्रदेश की टीम को रखा गया है। ग्रुप-बी में बिहार, हरियाणा, पश्चिम बंगाल एवं मणीपुर की टीम को रखा गया है।