चम्बल में श्रद्धालू डूबे, 8 बहे 3 शव बरामद 5 लापता,

9:55 pm or March 18, 2023
देवेश शर्मा
मुरैना 18 मार्च ;अभी तक; मध्यप्रदेश से कैला देवी के दर्शन करने राजस्थान जा रहे 8 श्रद्धालु चंबल नदी में बह गए। रेस्क्यू टीम को अब तक 3 शव मिले हैं। 5 लोग लापता हैं। गोताखोर उनकी तलाश कर रहे हैं। घटना मुरैना जिले के टेंटरा घाट की है। श्रद्धालुओं के जत्थे में 17 लोग थे । 9 लोग सुरक्षित हैं। सभी शिवपुरी जिले के तेंदुआ थानाक्षेत्र के चिलावद गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
                             श्योपुर जिले के बीरपुर और मुरैना जिले के टेंटरा थाने से पुलिस मौके पर है। टेंटरा थाना प्रभारी धर्मेंद्र मालवीय ने बताया कि सभी श्रद्धालु एक-दूसरे का हाथ पकड़कर आज सुबह चम्बल नदी पार कर रहे थे।ये सभी पद यात्री नदी पार कर राजस्थान स्थित केलादेवी मंदिर दर्शन करने जा रहे थे। जिस जगह हादसा हुआ है, वहां कोई पुल या नाव की व्यवस्था नहीं थी। उन्होंने बताया कि   कि अभी रेस्क्यू अभियान चल रहा है।
                          हादसे में बचे चेयूं कुशवाह ने बताया कि हम 17 लोगों का जत्था केलादेवी मंदिर दर्शन करने जा रहे थे। सुबह नदी पार करते समय गहरे पानी में चले गए। इनमे से 9 बाहर निकल आए हैं। तीन लोग के शव निकाले गए हैं। 5 लापता हैं। इन्हें गोताखोर खोज रहे हैं।
                         वहीं बीरपुर थाना प्रभारी हिमांशु भार्गव का कहना है, कि नदी पार करते समय पदयात्रियों पर संभवत मगरमच्छ ने हमला किया है,जिससे श्रद्धालुओं में भगदड़ मच गई। बचने की जद्दोजहद में श्रद्धालु बह गए। उन्होंने बताया कि स्थानीय गोताखोर बोट के जरिए लापता लोगों की तलाश कर रहे हैं। एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंच रही है। उन्होंने बताया कि मौके पर मुरैना कलेक्टर अंकित अस्थाना,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राय सिंह सहित तहसीलदार व राजस्थान का पुलिस-प्रशासन भी मौजूद है।