मयंक भार्गव
बैतूल ११ जून ;अभी तक; प्री मानसून गतिविधियां शुरू होने से बीते दो दिनों से जिले में कहीं-कहीं हुई बारिश से तापमान में गिरावट आयी है। परंतु उमस बढ़ गई है। इधर शुक्रवार दोपहर को तहसील मुख्यालय आठनेर सहित आसपास के ग्राम में लगभग आधा घंटे तक झमाझम बारिश हुई। इसके अलावा आमला, मुलताई सहित जिले के अन्य इलाकों में भी बारिश की खबर है। जिससे मौसम में ठंडक घुल गई।
प्री मानसून गतिविधियों के चलते आसमान पर छाये बादलों ने तपन से तो राहत दिला दी है। परंतु उमस बरकरार है। जिले के विभिन्न इलाकों में हुई बारिश से तापमान में भी गिरावट आ रही है। शुक्रवार को बैतूल में अधिकतम तापमान 38.7 डिग्री एवं न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री रहा। जबकि गुरूवार को अधिकतम तापमान 39.5 एवं 27 डिग्री रहा।