महावीर अग्रवाल
मन्दसौर १६ सितम्बर ;अभी तक; पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल पर 14-22 सितम्बर, 2020 तक राजभाषा सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है।
इसकी जानकारी देते हुए मंडल रेल प्रवक्ता ने बताया कि प्रति वर्ष 14 सितम्बर को मनाए जाने वाले हिंदी दिवस के अवसर पर रतलाम मंडल पर 14-22 सितम्बर तक राजभाषा सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है । कोविड-19 को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष पूरी सतर्कता एवं सावधानी के साथ राजभाषा सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत 15 सितम्बर, 2020 को मंडल रेल प्रबंधक श्री विनीत गुप्ता द्वारा ऑनलाइन हिंदी दिवस संदेश का वाचन किया गया तथा इसके उपरांत मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक लिया गया। इसमें सभी शाखाधिकारी शामिल हुए। मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक में सभी विभागों द्वारा राजभाषा में किए गए कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया गया।
राजभाषा सप्ताह के दौरान अधिकारियों/कर्मचारियों के लिए प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जा रहा है। 15 सितम्बर को कर्मचारियों के लिए निबंध प्रतियोगिता एवं टिप्पण आलेखन प्रतियोगिता का तथा 16 सितम्बर, 2020 को अधिकारियों के लिए निबंध प्रतियोगिता एवं कर्मचारियों के लिए शुद्धलेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
22 सितम्बर, 2020 को राजभाषा सप्ताह समापन कार्यक्रम होगा इस दौरान प्रतियोगिता में विजेता प्रतिभागियों, हिंदी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों आदि को मंडल रेल प्रबंधक श्री विनीत गुप्ता द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा।
Post your comments