विश्व वेटलैंट दिवस पर हुआ धरम सागर तालाब श्रमदान  

10:32 pm or February 2, 2023

दीपक शर्मा

पन्ना २ फरवरी ;अभी तक; नगर पालिका पन्ना द्वारा विश्व वेटलैंड दिवस मनाने हेतु कार्यक्रम का आयोजन धरमसागर तालाब के पास स्थित यादवेन्द्र क्लव मैदान में किया गया। नगर में स्थित धरम सागर तालाब की सर्वप्रथम सफाई कराई गई जो सभी के सहयोग से हुई। विधायक प्रतिनिधि श्री विष्णु पाण्डेय जी इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे।

धरमसागर तालाब के घाटों पर पड़े कचरे का संग्रहण वाहन तक सभी कतार में खड़े होकर तालाब को साफ करते हुये सिल्ट/गंदी सामग्री निकाल कर कचरा संग्रहण वाहन में डाला गया। इसके उपरांत संगोष्ठी, परिचर्चा का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरूआत में अजीत सिंह धुर्वे उपयंत्री नगर पालिका पन्ना द्वारा विश्व वेटलैंड दिवस मनाने का उद्देश्य बताया गया। उन्होंने कहा कि हमें भूमिगत जल को बचाना है। वर्तमान में इसका स्तर बहुत नीचे जा रहा है। पीने के लिये सतही जल (तालाब, नदी, कुओं के जल) का भी प्रयोग होना चाहिये। जिससे जल के स्तर में सुधार होगा। मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री शशि कपूर जी गढ़पाले ने कहा कि जल संरक्षण बहुत महत्वपूर्ण है। ‘‘जल ही जीवन है‘‘ पन्ना के समस्त जलाशयों का संरक्षण होना चाहिये। निकाय के पास इतने तालाब है कि जल से संबंधित आपदा नहीं आनी चाहिये। सभी जलाशयों को साफ रखना चाहिये एवं आगे से इस पर विशेष ध्यान दिया जायेगा। विधायक प्रतिनिधि विष्णु पाण्डेय, के.के. तिवारी एवं ओम प्रकाश खरे समस्त अधिकारी व कर्मचारियों सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।