शासकीय अभियान में उत्कृष्ट सहयोग देने वाले 220 साथियां सम्मानित

3:38 pm or February 2, 2023

प्रहलाद कछवाहा

मंडला ०२  फरवरी ;अभी तक;  राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम का क्रियान्वयन  मंडला जिले में कार्ड संस्था द्वारा जून 2020 से किया जा रहा है। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामों के किशोरों में  मातृ मृत्यु दर, शिशु  मृत्यु दर, सकल प्रजनन दर में कमी लाना उद्धेश्य है। इसके लिए संस्था में कार्यरत मास्टर ट्रेनर, काउंसलर द्वारा किशोरों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते है। जिससे इन्हें युवा अवस्था में किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना ना करना पड़े।

                                  संचालित कार्यक्रम के अंतर्गत किशोरों का हीमोग्लोबिन जांच, स्वास्थ्य परीक्षण सत्रों का आयोजन कराकर शासकीय शालाओं, हॉस्टल व आशा कार्यकर्ता के पास आयरन फोलिक एसिड की गोलियों की उपलब्धता भी सुनिश्चित कराई जाती है। इसके साथ ही सुमन वालेंटियर के रूप में गर्भवती माताओं व एक वर्ष तक के बच्चों के टीकाकरण एवं जाँच का भी ध्यान रखते हैं किशोर किशोरियों के लिए नि:शुल्क टोल फ्री नंबर 14425, टोबैको क्विट्लाइन नंबर 1800112356 के माध्यम से परामर्श उपलब्ध कराई जाती है। ग्राम में किसी किशोर किशोरियों को चिकित्सकीय सुविधा की जरूरत पडऩे पर कार्यक्रम के फैसिलिटी बेस्ड सर्विसेज के अंतर्गत सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों सहित 10 किशोर स्वास्थ्य परामर्शदाताओं के पास भी रेफरल किया जाता है।

संचालित अभियानों में करते है सहयोग :

                                 कार्यक्रम के अंतर्गत किशोरों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए ग्राम में आशा कार्यकर्ता के कार्य क्षेत्र में चिन्हित साथिया द्वारा स्वयं सेवी रूप से किया जाता है। इसके साथ ही साथ राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एवं मंडला प्रशासन द्वारा संचालित विभिन्न अभियानों पल्स पोलियो अभियान, मीजल्स रूबेला टीकाकरण, कोविड-19 टीकाकरण, दस्तक अभियान, बाल-विवाह, नशा मुक्ति कार्यक्रम, माहवारी स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम, विश्व हृदय दिवस, स्तनपान सप्ताह, विश्व हाथ धुलाई कार्यक्रम, विश्व मधुमेह दिवस, विश्व पर्यावरण दिवस, कृमि मुक्ति दिवस, विश्व एड्स दिवस, टिटनेस डिप्थीरिया टीकाकरण, हेल्थ कार्ड, आयुष्मान कार्ड, हेल्थ मेला कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन के लिए ग्राम स्तर पर बैठकों, गृह संपर्क, रैली, दीवार लेखन, रोल प्ले एवं शपथ जैसी गतिविधियों का आयोजन कर ग्राम के किशोर-किशोरियों एवं जनसमुदाय को जागरूक करते हैं।

उत्कृष्ट सहयोग करने पर किया सम्मानित :

इन सभी 1536 साथिया को कम्युनिटी बेस्ड सर्विसेज के माध्यम से सपोर्टिव सुपरविजन के अनुसार राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन द्वारा प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर के द्वारा सपोर्ट किया जाता है। इन सभी कार्यों में उत्कृष्ट सहयोग प्रदान करने वाले 220 साथिया को  जिला चिकित्सालय मंडला, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, ग्राम पंचायतों में आयोजित ग्राम सभाओं एवं शालेय स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से जिले भर में सम्मानित किया गया।