संगीत और नृत्य से तन मन स्पन्दित हो जाता है, नगर के दो स्कूलों में कत्थक की कार्यशालाएं आयोजित हुई

6:12 pm or February 4, 2023

महावीर अग्रवाल 

मन्दसौर ४ फरवरी ;अभी तक;  शास्त्रीय नृत्य एवं संगीत में बड़ी ताकत होती है संगीत और नृत्य से तन मन स्पन्दित हो जाता है। स्पिक मेके का लोगो हमारी तीसरी आँख की ओर इंगित करता है, इस तीसरी आँख पर ध्यान केंद्रित कर जीवन मे सब कुछ पाया जा सकता है।
ये विचार वरिष्ठ पत्रकार श्री घनश्याम बटवाल ने स्पिक मैके द्वारा आयोजित कत्थक कार्यशाला में शासकीय लक्ष्मीबाई कन्या माध्यमिक विद्यालय मंे व्यक्त किए। इस कार्यशाला में कत्थक नृत्यांगना सुश्री सृष्टि जुन्नरकर ने करीब 15 छात्राओं को स्टेज पर बुलाकर नृत्य भी सिखाया।प्राचार्य श्री महेश त्रिवेदी ने कार्यशाला के लिए स्पिक मेके का आभार व्यक्त किया।
                       इसके पूर्व शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल क्र. 2 मंे अपने उद्बोधन मे स्पिक मेके कॉर्डिनेटर अजय डांगी ने छात्रों को बताया कि भूतकाल अखबार की तरह है भविष्य काल खाली कागज की तरह है और वर्तमान काल प्रश्नपत्र के समान है । छात्रों को पूरा ध्यान लगाकर पढ़ना लिखना चाहिए नहीं तो जिन्दगी खाली कागज की तरह हो जाती है।
                      कार्यशाला का आरम्भ गुरूवन्दना से हुआ। उसके पश्चात नृत्य के माध्यम से निरतत ढंग कवित्त द्वारा भगवान कृष्ण के नटखटपन और गोपियों से उनके संवाद को दर्शाया गया। कलाकार एवं अतिथियों का परिचय छात्र सुजल चौहान एवं गौतम सांखला ने दिया । अतिथियों का स्वागत प्राचार्य श्री सुरेन्द्र रामावत ने किया एवं आभार शिक्षिका ज्योत्सना शर्मा ने ज्ञापित किया ।
                         सुश्री सृष्टि जुन्नरकर नगर के शासकीय संगीत महाविद्यालय का अवलोकन करने भी पहुँची जहाँ उनके साथ संगीत महाविद्यालय जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष श्री नरेंद्र त्रिवेदी भी साथ मे थे । संगीत महाविद्यालय प्राचार्य श्रीमती उषा अग्रवाल ने नृत्यांगना का स्वागत किया एवं स्पिक मैके के साथ संगीत महाविद्यालय की भागीदारी करने की इच्छा जताई।