समर्थन मूल्य पर गेहूँ खरीदी के लिए पंजीयन 6 फरवरी से होंगे शुरू, इस बार किसान फ्री में भी करा सकेंगे पंजीयन

7:37 pm or February 3, 2023
आशुतोष पुरोहित
खरगोन 03 फरवरी ;अभी तक;  रबी विपणन वर्ष 2023-24 में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के लिए जिले में रजिस्ट्रेशन 6 फरवरी से शुरू हो जाएंगे जो 28 फरवरी तक चलेंगे। इसको लेकर जिले में तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसके अलावा पंजीयन प्रक्रिया में कुछ बदलाव भी किए हैं। जिला आपूर्ति अधिकारी श्री मनोहर सिंह ठाकुर से प्राप्त जानकारी के अनुसार अब किसान निःशुल्क रजिस्ट्रेशन भी करवा सकते हैं। सशुल्क पंजीयन के लिए किसान को 50 रुपए देने होंगे। किसानों की समस्याओं को देखते हुए इस बार एसएमएस की अनिवार्यता को भी समाप्त किया है। पूर्व में किसान को फसल बेचने के लिए मोबाइल पर एसएमएस मिलता था। इसकी प्राप्त तारीख पर किसान उपार्जन केंद्र पर जाकर फसल बेच सकता था। इस बार व्यवस्था में सुधार करते हुए एसएमएस की प्राप्ति की अनिवार्यता को समाप्त कर दिया है। नई व्यवस्था में किसान फसल बेचने के लिए दिन, समय और केंद्र के साथ स्लॉट का चयन भी स्वयं कर सकेंगे।
इस तरह होगी रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया
सशुल्क रजिस्ट्रेशन- ऑनलाइन कियोस्क, कॉमन सर्विस सेंटर, लोक सेवा केंद्र और साइबर कैफे पर रजिस्ट्रेशन के लिए किसान को शुल्क देना होगा। यहां किसानों को प्रति रजिस्ट्रेशन की फीस 50 रुपए चुकाना होगी। वहीं निःशुल्क रजिस्ट्रेशन ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत, तहसील कार्यालय, सहकारी समितियों व विपणन संस्थाओं द्वारा संचालित पंजीयन केंद्र और एमपी किसान एप पर निःशुल्क रजिस्ट्रेशन होंगे।
 पंजीयन के लिए ये दस्तावेज होंगे जरूरी
किसान के पास जमीन की किताब (पावती), आधार कार्ड, बैंक अकाउंट की पासबुक बैंक अकाउंट से आधार कार्ड लिंक होना चाहिए। आधार कार्ड लिंक नहीं है तो भुगतान अटक सकता है। पंजीयन के लिए भू-अभिलेख में दर्ज खाते, खसरा, आधार कार्ड का मिलान होना जरूरी है। गड़बड़ी होने पर सुधार तहसील कार्यालय में होगा। साथ ही किसान का खाता आधार नंबर से लिंक होना जरूरी है 6 फरवरी से गेहूं उपार्जन के पंजीयन शुरू हो जाएंगे। जो किसान जिस बचत खाते में भुगतान चाहते हैं, वे आधार से लिंक होना जरूरी है। अन्यथा भुगतान संबंधी परेशानी का सामना करना पड़ सकता हैं।