विदेश

रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने फिर की PM मोदी की तारीफ:कहा- वो बहुत बुद्धिमान व्यक्ति, उनके नेतृत्व में भारत तेजी से विकास कर रहा

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने एक बार फिर PM मोदी की तारीफ की है। उन्होंने कहा- PM मोदी बहुत ही बुद्धिमान व्यक्ति हैं। हमारे उनसे बहुत अच्छे राजनीतिक रिश्ते हैं। RT की रिपोर्ट के मुताबिक, रूसी राष्ट्रपति ने कहा मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से विकास कर रहा है। ये दोनों देशों के हित में है।फाइनेंशियल सिक्योरिटी पर एक ओलंपियाड को संबोधित करते हुए पुतिन ने उम्मीद जताई है कि रूस और भारत फाइनेंशियल सिक्योरिटी और साइबर क्राइम के क्षेत्र में साथ मिलकर काम करेंगे। भारत और रूस सदियों से दोस्त और साझेदार रहे हैं। दोनों देशों ने जो एजेंडा सेट किया है, हम उसे जरूरी हासिल करेंगे।

पुतिन का ये बयान ऐसे समय पर सामने आया है, जब करीब 1 महीने पहले ही भारत ने G20 समिट के दौरान नई दिल्ली डेक्लेरेशन में यूक्रेन में शांति स्थापित करने का जिक्र किया था। हालांकि, इसमें रूस पर जंग का आरोप नहीं लगाया गया था। मॉस्को ने इस घोषणा पत्र और G20 में भारत की अध्यक्षता का समर्थन किया था।

पुतिन ने कहा था- मोदी मेक इन इंडिया को बढ़ावा देने के लिए अच्छा काम कर रहे
ये पहला मौका नहीं है जब पुतिन ने भारत या PM मोदी की तारीफ की है। इससे पहले पिछले महीने भी उन्होंने कहा था कि PM मोदी मेक इन इंडिया प्रोग्राम को बढ़ावा देने के लिए अच्छा काम कर रहे हैं।

व्लादिवोस्तोक में 8वें ईस्टर्न इकॉनोमिक फोरम (EEF) में मीडिया के सवालों के जवाब देते हुए रूसी राष्ट्रपति ने कहा था- पहले हमारे पास अपने देश में बनी कारें नहीं थीं, लेकिन अब हैं। यह सच है कि वे ऑडी और मर्सिडीज की तुलना में कम अच्छी दिखती हैं, लेकिन ये कोई समस्या नहीं है। हमें रूस में बनी गाड़ियां इस्तेमाल करनी चाहिए।

हमें अपने सहयोगी देश भारत को फॉलो करना चाहिए। वे देश में ही गाड़ियां बना रहे हैं और उनका इस्तेमाल कर रहे हैं। हमें यह तय करना चाहिए कि किस वर्ग के अधिकारी कौन सी कारें चला सकते हैं, इससे वे घरेलू कारों का इस्तेमाल करेंगे। इससे पहले जून में पुतिन ने कहा था- भारत एक ऐसा देश है, जो कंपनियों को अपने देश में आकर काम करने के लिए बढ़ावा दे रहा है।

रूस के राष्ट्रपति बोले- हमें भारत की तरह अपनी कंपनियों को बढ़ावा देना है
पुतिन ने कहा था- हमारे खास दोस्त PM नरेंद्र मोदी ने कई सालों पहले मेक इन इंडिया की शुरुआत की थी। आज भारत की अर्थव्यवस्था पर इसका असर साफ नजर आ रहा है। ऐसे समय में जब पश्चिमी देश लगातार रूस के साथ व्यापार पर पाबंदी लगा रहे हैं, हमें भारत की तरह अपने देश की कंपनियों को बढ़ावा देते हुए उन्हें एक बेहतर मार्केट उपलब्ध करवाना चाहिए।

पुतिन ने कहा था- मोदी सच्चे देशभक्त
अक्टूबर 2022 में भी पुतिन ने मोदी को सच्चा देशभक्त बताया था। मॉस्को में वाल्डाई डिस्कशन क्लब की 19वीं एनुअल मीटिंग में उन्होंने कहा था कि मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास में जबरदस्त सफलता हासिल की है। भारत का भविष्य शानदार है। मेक इन इंडिया का उनका विचार अर्थव्यवस्था और मूल्यों के लिहाज से एकदम सही है।

Related Articles

Back to top button