प्रदेश

वीर गजेंद्र सिंह अमर रहे के घोष, सेना ने गार्ड आफ आनर के साथ दी विदाई

आशुतोष पुरोहित
 खरगोन  19  नवम्बर ;अभी तक;   दिल में वतन के लिए मर मिटने का जज्बा, जोश और जुनून लिए नगालौंड में पदस्थ होकर देश की सीमाओं की सुरक्षा करने वाले शहर के जैतापुर निवासी सैनिक गजेंद्र कतरोलिया 40 वर्षीय को रविवार सैनिक सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। वीर सैनिक का पिछले दिनों बिहार में रेल सफर के दौरान हृदयाघात से निधन हो गया था।
                               रविवार को सुबह महू का सैन्य दल सेना के वाहन में पार्थिव शरीर लेकर जैतापुर स्थित साकेत नगर में कतरोलिया के निवास पहुंचा था। यहां सैनिक के परिवार सहित पूर्व सैनिकों, शहरवासी नम आंखों से सैनिक के अंतिम दर्शन कर अंतिम यात्रा में शामिल हुए। हाथों में तिरंगा, कंधे पर सैनिक का शव, मुख पर वंदे मातरम, भारत माता की जय, वीर गजेंद्र सिंह अमर रहे, अमर रहे के घोष से देशभक्ति व सैनिक सम्मान का भाव देख हर आंख नम नजर आई। फूलों से सजे वाहन में पार्थिव शरीर जब शहर के मुख्य मार्गों से गुजरा तो आमजनों, राहगीरों, व्यापारियों ने भी नमन कर पुष्प अर्पित किए। डीजे पर देशभक्ति गीत बजाए जा रहे थे। अंतिम यात्रा कुंदा तट स्थित मुक्तिधाम पहुंची। यहां परिजनों के बीच महू से आए सैनिकों ने गार्ड आफ आनर दिया।नौ साल के बेटे नवीन ने पिता को मुखाग्नि दी। इसके बाद एसडीएम भास्कर गाचले, एएसपी तरुणेंद्र सिंह सहित सामाजिक संगठनों से जुड़े पदाधिकारियों, आमजनों, परिजनों ने पुष्प अर्पित कर नमन किया।
नम आंखों से पत्नी व बच्चों ने विदाई दी
                              गजेंद्र सिंह कतरोलिया को पत्नी सुमन कतरोलिया, बेटी सोनाक्षी व बेटे नवीन के साथ ही भाईयों ने नम आंखों से विदाई दी। मौत की सूचना मिलने के बाद ही पत्नी का रो रोकर बुरा हाल हो गया था। अंतिम संस्कार के दौरान पूर्व सैनिक अध्यक्ष पुष्पेंद्र गुप्ता, बड़वानी से नीरज माहुले,खंडवा के कार्यालय के सैनिक आए थे। इसके अलावा शहीद राजेंद्र यादव की पत्नी प्रतिभा यादव, नपा अध्यक्ष छाया जोशी सहित अन्य महिलाएं शामिल हुई।

Related Articles

Back to top button