प्रदेश

बड़े बालाजी मंदिर में आज धूमधाम से मनेगा अंजनी के लाल का प्रकटोत्सव

महावीर अग्रवाल

मन्दसौर १० नवंबर ;अभी तक;  रामभक्त हनुमान जी का प्रकट उत्सव आज 11 नवम्बर, शनिवार को धूमधाम से मनाया जाएगा। मंदिर में 56 भोग एवं महाआरती का आयोजन होगा। आज देर  रात तक दर्शनार्थियों की लंबी कतारे लगेगी। आयोजन को लेकर मंदिर समिति द्वारा भव्य तैयारियों की गई है। भगवान को नैवेद्य हेतु 56 भोग तैयार हो रहा है। वहीं मंदिर परिसर को भगवा पताकाओं आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया है वही भगवान बालाजी की प्रतिमा का नयनाभिराम श्रृंगार भी किया जा रहा है।
                                     मंदिर समिति के अध्यक्ष पं. दिलीप शर्मा व प्रवक्ता रवि ग्वाला ने बताया कि प्रतिवर्षानुसार कार्तिक कृष्ण की चतुर्दशी पर मंदिर समिति द्वारा भव्य आयोजन किये जाते है जिसका हनुमान भक्तों को इंतजार रहता है। आज 11 नवम्बर देव दिवाली पर प्रातः 8 बजे 151 थालों में 56 पकवान सजाकर बालाजी को भोग लगाया जाएगा। दिन भर 56 भोग के दर्शन होंगे। तत्पश्चात् सायं 7 बजे 201 दीपक से महाआरती की जाएगी। जिसमें न्यू किशोर बैंड के 101 साथी मधुर भजनों की प्रस्तुति देंगे। महाआरती की शोभा अजयमेरू के ढोल, उज्जैन की तोप व ताशे, अहमदाबाद की शहनाई व मंदसौर के 151 ढोल बढ़ायेंगे एवं इस दौरान भव्य रंगारंग आतिशबाजी भी की जाएगी।
                                               मंदिर समिति अध्यक्ष पं. दिलीप शर्मा, प्रवक्ता रवि ग्वाला, सदस्यगण विनोद रूनवाल, वरदीचंद कुमावत, हेमंत सुरा, चौथमल शर्मा, नारायण पालीवाल, अनिल सुराह, कपिल सोलंकी, महेन्द्रसिंह सिसोदिया आदि सदस्य उपस्थित रहे। मंदिर समिति ने सभी बालाजी भक्तों से उपस्थित होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button