प्रदेश

पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल द्वारा वित्त वर्ष 2022-23 में माल ढुलाई, माल ढुलाई राजस्‍व, यात्री राजस्‍व एवं कुल राजस्‍व में अभी तक का सर्वोत्‍कृष्‍ट प्रदर्शन  

महावीर अग्रवाल
मन्दसौर ४ अप्रैल ;अभी तक;  पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल ने वित्त वर्ष 2022-23 में फ्रेट बिजनेस में 21.82 मीट्रिक टन का माल ढुलाई कर रतलाम मंडल पर अभी तक का सर्वोत्‍कृष्‍ट प्रदर्शन करने के साथ ही साथ माल ढुलाई राजस्‍व, यात्री राजस्‍व एवं कुल राजस्‍व में भी मंडल द्वारा अभी तक का सर्वोत्‍कृष्‍ट प्रदर्शन किया गया है।
                             मंडल रेल प्रबंधक श्री रजनीश कुमार के मार्गदर्शन तथा वरिष्‍ठ मंडल परिचालन प्रबंधक एवं वरिष्‍ठ मंडल वाणिज्‍य प्रबंधक के कुशल निर्देशन तथा परिचालन एवं वाणिज्‍य विभाग के पर्यवेक्षकों एवं कर्मचारियों के कार्य के प्रति निष्‍ठा एवं लगन के कारण ही वर्ष 2022-23 में हम इस उपलब्धि को प्राप्‍त कर सके हैं।
                       रतलाम मंडल में वर्ष 2022-23 में कुल 21.82 मीट्रिक टन की लोडिंग हुई है जो पिछले अभी तक के सर्वश्रेष्‍ठ लोडिंग 18.17 मीट्रिक टन (वर्ष 2021-22) से 20.08 प्रतिशत अधिक है। इस लोडिंग के आधार पर रतलाम मंडल ने पूरे भारतीय रेलवे में लोडिंग के मामले में 17वां स्‍थान प्राप्‍त किया है।
                              माल लदान राजस्‍व प्राप्ति में भी इस वर्ष रतलाम मंडल ने अभी तक का सर्वोत्‍कृष्‍ट प्रदर्शन किया है तथा रू 2273.58 करोड़ का राजस्‍व अर्जित किया है जो कि पिछले वर्ष के राजस्‍व से 35.06 प्रतिशत तथा इस वर्ष के लक्ष्‍य से 12.36 प्रतिशत अधिक है। इस वर्ष सीमेंट, क्लिंकर, पेट्रोलियम पदार्थ, अनाज, प्‍याज, सोया खली, फर्टिलाइजर इत्‍यादि के लोडिंग एवं राजस्‍व में काफी अच्‍छा सुधार हुआ है।
यात्री राजस्‍व के मामले में भी रतलाम मंडल के लिए यह वर्ष काफी सकारात्‍मक रहा है तथा वर्ष 2022-23 में यात्री राजस्‍व से  रू 852.51 करोड़ का राजस्‍व मंडल को प्राप्‍त हुआ है जो अभी तक का सर्वश्रेष्‍ठ प्रदर्शन है। इस वर्ष पिछले वर्ष की तुलना में 83.93 प्रतिशत अधिक  तथा संशोधित लक्ष्‍य से 01.00 प्रतिशत अधिक राजस्‍व मंडल को प्राप्‍त हुआ है।
                      रतलाम मंडल द्वारा वर्ष 2022-23 में कुल 3198.21 करोड़ का राजस्‍व प्राप्‍त हुआ है जो कि पिछले वर्ष के कुल राजस्‍व से 44.52 प्रतिशत तथा वर्ष 2022-23 के लक्ष्‍य से 08.46 प्रतिशत अधिक है।
                            मंडल रेल प्रबंधक श्री रजनीश कुमार ने इस उपलब्धि के लिए मंडल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी है तथा  कहा कि रतलाम मंडल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सम्मिलित प्रयासों के कारण ही हम इस उपलब्धि को प्राप्‍त कर सके हैं तथा भविष्‍य में इस उपलब्धि को भी पीछे छोड़कर नई उपलब्धियों को प्राप्‍त करने का प्रयास करेंगे।

 

Related Articles

Back to top button