पहली बारिश में ही फूट गया लाखों का तालाब

3:11 pm or August 7, 2023
मोहम्मद सईद

शहडोल, 7 अगस्त ; अभी तक ; ग्राम पंचायत में जल संवर्धन के लिए तालाब का निर्माण कराया जाता है। लेकिन यह तालाब किस तरह से भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ते हैं उसका नमूना अनूपपुर जिले के पुष्पराजगढ़ जनपद पंचायत के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत पड़मनिया में देखा जा सकता है। ग्राम पड़मनिया अंतर्गत बीजाडाढ़ में लाखों की लागत से निर्माण कराया गया एक तालाब पहली बारिश में ही फूट गया। भ्रष्टाचार की भेंट चढ़े इस तालाब का पूरा पानी खाली हो गया है। लेकिन हैरत की बात यह है, कि निर्माण कार्य से जुड़े लोग तालाब फूटने की घटना को एक सामान्य बात मान रहे हैं।
                                   जानकारी के अनुसार जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ के अंतर्गत ग्राम पंचायत पड़मनिया के बीजाडाढ़ में मनरेगा से 13 लाख रुपए का तालाब बनाया गया है। ग्रामीणों के अनुसार इस तालाब का निर्माण कार्य जून में पूरा हुआ है। इस तालाब निर्माण में भ्रष्टाचार का इस कदर घालमेल हुआ कि यह तालाब पहली बरसात भी ना झेल सका और 3 दिन पूर्व यह तालाब फूट गया। तालाब के फूट जाने से उसका पूरा पानी आसपास की जमीन और खेतों में फैल गया।
                                 इस संबंध में ग्राम पंचायत पड़मनिया के सचिव दरियाव सिंह से चर्चा की गई तो उन्होंने बताया कि इस तालाब का निर्माण 13 लाख रुपए में कराया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि क्षेत्र के सब इंजीनियर शिवम मिश्रा की तकनीकी देखरेख में इस तालाब का निर्माण कार्य किया गया है। लाखों रुपए की लागत से निर्माण कराए गए इस तालाब के फूट जाने को सचिव दरियाव सिंह एक सामान्य घटना मानते हैं और उनका कहना है, कि बारिश के बाद इसका पुनः निर्माण करा लिया जाएगा। क्षेत्र के सब इंजीनियर शिवम मिश्रा से फोन पर संपर्क कर उनका पक्ष जानने की कोशिश की गई लेकिन उनका फोन नहीं लगा।
                                   पड़मनिया के ग्रामीणों का कहना है, कि इस तालाब में जमकर भ्रष्टाचार किया गया है, इसलिए यह तालाब फूट गया। ग्रामीणों का कहना है कि इस निर्माण कार्य की जांच कराकर संबंधित जनों से शासकीय राशि की वसूली की जानी चाहिए।

Post your comments

Your email address will not be published. Required fields are marked *