रतलाम जिले के आलोट तहसील मुख्यालय पर महिला पटवारी रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार 

अरुण त्रिपाठी
 रतलाम,12 दिसम्बर ;अभी तक;  एक महिला पटवारी रतलाम जिले के आलोट तहसील मुख्यालय पर रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार की गई है | उसने भूमि नामांतरण के लिए किसान से आठ हजार रूपए की रिश्वत ली थी | लोकायुक्त पुलिस ने इशारा मिलते ही धरदबोचा |
लोकायुक्त निरीक्षक बसंत श्रीवास्तव ने बताया आलोट के ग्राम आनन्दगढ निवासी किसान भारत सिंह चौहान ने अपनी भूमि के नामांतरण के लिए तहसील कार्यालय में आवेदन दिया था। हल्का क्रमांक .27 में पदस्थ महिला पटवारी प्रियंका सोनी ने नामांतरण के लिए भारत सिंह से आठ हजार रूपए रिश्वत देने की मांग की। इस पर उसने लोकायुक्त एसपी अनिल विश्वकर्मा को शिकायत की थी।
लोकायुक्त पुलिस ने शिकायत का सत्यापन करने के बाद योजना बनाई और भारत सिंह को विशेष रसायन लगे रिश्वत के नोट लेकर प्रियंका सोनी को देने भेजा। प्रियंका ने आवेदक भारत सिंह को आलोट के कारगिल चौराहे पर बुलाया था। भारत सिंह ने जैसे ही महिला पटवारी को रिश्वत की रकम सौंपी, लोकायुक्त दल ने उसे पकड लिया। हाथ धुलवाए जाने पर वे रंग गए। लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया है।लोकायुक्त कार्यवाही में निरीक्षक बसन्त श्रीवास्तव के अलावा,विशाल रेश्मिया, इसरार,महेंद्र जाटवा, संजय पटेल, और 02 महिला आरक्षक शामिल थे।