प्रदेश

पुलिस की कार्यप्रणाली से कराया अवगत और बेहतर पुलिसिंग के मांगे सुझाव

मोहम्मद सईद
शहडोल, 3 मार्च अभीतक। शहडोल जिले के सभी थानों और चौकियों में रविवार को दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक पुलिस जनसंवाद का आयोजन किया गया। इस जनसंवाद में शामिल समाज के सभी वर्ग के लोगों को पुलिस की कार्य प्रणाली से अवगत कराने के साथ ही पुलिसिंग को और बेहतर बनाने के लिए सुझाव भी लिए गए।
                                              प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा दिये गये निर्देशों के परिप्रेक्ष्य तथा पुलिस महानिदेशक पुलिस मुख्यालय भोपाल सुधीर सक्सेना एवं अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक शहडोल जोन डी सी सागर के मार्गदर्शन में शहडोल जिले के सभी थाना एवं चौकियों में रविवार को दोपहर 12 से 02 बजे तक पुलिस जनसंवाद आयोजित किया गया। जनसंवाद कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, प्रबुद्धजन, डॉक्टर, अधिवक्ता, शिक्षाविद व्यापार मंडलों के प्रतिनिधि और पत्रकार उपस्थित रहे। जनसंवाद में उपस्थित लोगों से उनके निवास के क्षेत्र में सुरक्षा का वातावरण, पुलिस से अपेक्षा, सुरक्षा संबंधी समस्याओं व सुझाव प्राप्त किये गये तथा पुलिस की कार्यप्रणाली से उन्हें अवगत कराया गया। पुलिसिंग को बेहतर बनाने के लिए लोगों से सुझाव भी प्राप्त किये गये।
जनसंवाद में लोगों की समस्याओं को भी सुना गया।
संवाद का माध्यम है कार्यक्रम
                                    बुढ़ार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पकरिया में जैतपुर विधायक जयसिंह मरावी के मुख्य आतिथ्य एवं पुलिस अधीक्षक शहडोल कुमार प्रतीक की अध्यक्षता में जनसंवाद कार्यक्रम हुआ। जन संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक जयसिंह मरावी ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम आयोजित होने से पुलिस और जनता के बीच सीधा संवाद कायम होता है और लोग अपनी बात अधिकारियों के सामने खुलकर रख सकते हैं।
                                कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक शहडोल कुमार प्रतीक ने कहा कि पुलिस जनसंवाद एक ऐसी पहल है जो पुलिस एवं सामान्य जनता के बीच संवाद का माध्यम प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य जनता के साथ आत्मिक संबंध बनाना, समस्याओं को सुनना, उन्हे समझना और समाधान करना होता है। पुलिस जनसंवाद कार्यक्रम को नगर परिषद बुढ़ार की अध्यक्ष श्रीमती शालिनी सरावगी सहित अन्य अतिथियों ने भी संबोधित किया।
                                         कोतवाली शहडोल द्वारा पंडित शंभूनाथ शुक्ल महाविद्यालय परिसर में विधायक जयसिंहनगर श्रीमती मनीषा सिंह नगर पालिका अध्यक्ष घनश्याम जायसवाल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहडोल सुश्री अंजुलता पटले की अध्यक्षता में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ। जन संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सभी अतिथियों ने कहा कि सोशल पुलिसिंग का यह एक बेहतरीन प्रयास है। जन संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहडोल सुश्री पटले ने बताया कि जनसंवाद के माध्यम से पुलिस और जनता के बीच संवाद को बढावा मिलता है और समस्याओं का समाधान ढूढने का प्रयास किया जाता है। कार्यक्रम के अंत में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राघवेन्द्र तिवारी ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। जिले के अमलाई और सोहागपुर सहित अन्य थानों में भी इसी तरह पुलिस जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित हुए।

Related Articles

Back to top button