आशुतोष पुरोहित
खरगोन 25 फरवरी -;अभी तक ; मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में आज एक आंगनवाड़ी सहायिका की हत्या का मामला सामने आया है।
खरगोन के चैनपुर पुलिस सूत्रों ने बताया कि ननकोड़ी ग्राम में 56 वर्षीय हिरमन बाई सेंगर आज सुबह अपने बिस्तर पर मृत अवस्था में पाई गई थी।
प्रारंभिक जांच में पाया गया है कि उसे मुंह दबाकर मारा गया है।
एएसपी मनोहरसिंह बारिया ने बताया की मृतका के पति की पूर्व में ही मृत्यु हो चुकी थी, और उसका एक लड़का इंदौर रहता है जबकि दो लड़कियों की शादी हो चुकी है। वह आंगनबाड़ी सहायिका का कार्य करती थी और उसने घर में ही छोटी किराने की दुकान खोल रखी थी।
उन्होंने बताया कि अलमारी के दो ड्रावर खुले पाए गए हैं। उन बताया कि एफएसएल, डॉग स्क्वायड, फिंगर एक्सपट्र्स और साइबर की टीमों ने भी घटनास्थल की जांच की है।
यह प्रतीत होता है कि चोरी के उद्देश्य से घुसे व्यक्ति ने महिला के जागने अथवा उसे पहचान लिए जाने के चलते मुंह दबाकर हत्या कर दी।
बताया जा रहा है की आज सुबह दूध वाला जब अकेले रहने वाली हिरमन बाई के घर पहुंचा तो किसी प्रकार की प्रतिक्रिया नहीं पाए जाने पर उसने पड़ोसियों को और रिश्तेदारों को खबर की थी। ग्राम के उस हिस्से में करीब 20 घर हैं, जिसमें आठ घर सूने हैं।
चैनपुर पुलिस सूत्रों के अनुसार इंदौर से मृतक महिला के पुत्र विजय सेंगर को बुलवाया गया , जिसने आज सायं बताया कि करीब डेढ़ किलो चांदी व अन्य छुटपुट आभूषणों की चोरी हुई है। महिला ने कल रात करीब 9:00 बजे तक परिजनों से मोबाइल पर चर्चा भी की थी। इससे यह प्रतीत होता है कि घटनाक्रम देर रात अथवा सुबह का है।r