आशुतोष पुरोहित
खरगोन 28 अप्रैल ;अभी तक ; मध्यप्रदेश के खरगोन जिला मुख्यालय पर कोतवाली थाना क्षेत्र के टेमला रोड पर आज नगर पालिका का सफाई वाहन के अनियंत्रित होकर पलटने से एक सफाईकर्मी की मौके पर ही मौत हो गई। दर्दनाक हादसे में 12 महिला और पुरुष सफाई कर्मी घायल हो गये। सभी को जिला अस्पताल लाया गया। इस दौरान सफाईकर्मीयो का वाहन पलटने की सूचना से अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। लोगो की भीड लग गई। हलाकि सभी घायल खतरे से बहार है। सफाई कामगार नगर पालिका खरगोन के कर्मचारी थे।
सूचना मिलते ही नगरपालिका सीएमओ एमआर निगवाल और अध्यक्ष छाया जोशी सहित नगरपालिका के कर्मचारी अधिकारी, पुलिस बल जिला अस्पताल पहुंच गये। बताया जा रहा है की सफाईकर्मी टेमला रोड पर पीएम आवास की मल्टी में सफाई के बाद टेमला रोड पर आयोजित भगवत कथा स्थल पर सफाई के लिए जा रहे थे। टेमला से पहले अनियंत्रित होकर वाहन पलटी खा गया। पत्थर और सामने आ रहे वाहन को बचाने के चलते अनियंत्रित होकर वाहन पलटने की बात की जा रही है।
कोतवाली पुलिस मर्ग कायम कर जांच में जुट गई है। सीएमओ एमआर निगवाल ने बताया की नगरपालिका के सफाई कर्मचारी टेमला रोड पर सफाई करने जा रहे थे इस दौरान अनियंत्रित होकर वाहन पलट गया।
वाहन पलटने से एक सफाई कर्मी राजेश सोलंकी की मौत हो गई है। 12 लोग घायल हुए है जिनमे महिलाऐ भी शामिल है। सभी का उपचार चल रहा है। अध्यक्ष महोदय छाया जोशी जी सहित में भी मौके पर पहुंचा हूं। सभी घायलो का बेहतर उपचार चल रहा है। सीएमएचओ महोदय से भी मैने बात की है। सभी घायल खतरे से बहार बताये जा रहे है।
इधर सफाई कर्मचारी मोर्चा के अध्यक्ष सजय करौसिया ने बताया की टेमला रोड पर सफाई कर्मचारी का अनियंत्रित होकर वाहन पलटने से एक कर्मचारी की मौत हो गई है। 12 महिला पुरूष घायल है सबका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। मृतक राजेश सोलंकी जो ठेका कर्मचारी था, नगरपालिका ने आर्थिक सहायता मृतक के परिजनो को देना चाहिये।