आशुतोष पुरोहित
खरगोन 11 अप्रैल ;अभी तक ; मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के टेमला स्थित सीएम राइज स्कूल में पुराने मामले के समझौते के लिए एक पूर्व छात्र ने एक अन्य छात्र के साथ मिलकर प्राचार्य पर जानलेवा हमला कर दिया।
खरगोन के पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना ने बताया कि पूर्व छात्र ने एक अन्य छात्र के साथ मिलकर सीएम राइज स्कूल के प्राचार्य अशोक सिंह पवार पर हमला कर दिया। हमले के चलते उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आज सायं प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पूर्व में विवाद के चलते अगस्त और सितंबर 2024 में प्राचार्य ने इसी पूर्व छात्र के विरुद्ध दो और आज की घटना में शामिल एक अन्य छात्र के विरुद्ध एक मामला दर्ज कराया था। आज दोनों ने स्कूल में प्रवेश कर इन मामलों में राजीनामा के लिए प्राचार्य पर दबाव बनाया और विवाद बढ़ने पर उन पर लोहे की रॉड और टेबल के कांच से हमला कर दिया।
प्राचार्य अशोक सिह पंवार ने पत्रकारों को बताया कि दोनों आरोपियों को उन्होंने पूर्व में छात्राओं से बदतमीजी के चलते डांटा था और विवाद बढ़ने पर दो बार उनके विरुद्ध प्रकरण दर्ज कराया था। आज वह इन्हीं प्रकरणों को वापस लेने के लिए दबाव बना रहे थे।