अरुण त्रिपाठी
रतलाम 18 जून ;अभी तक ; जिला मुख्यालय रतलाम से करीब 40 किलोमीटर दूर जावरा के बडावदा रोड स्थित जूना गडगडिया में निर्माणाधीन कुआं ढहने से दो मजदूरों की मौत हो गई। बारिश के चलते मिट्टी धंसने से ये हादसा हुआ। मृतकों के शव साढ़े छ घंटे की मशक्कत के बाद निकाले गए। उन्हें पोस्ट मार्टम के बाद बुधवार को परिजनों को सौंपा गया।
जावरा सीएसपी दुर्गेश आर्मो ने बताया कि कि करीब 40 फीट गहरे कुएं के चारों तरफ मजदूर सीमेंट-क्रांक्रीट की दीवार बना रहे थे। मंगलवार को दिनभर रिमझिम बारिश से मिट्टी गीली हो गई थी, जिससे शाम 7 बजे करीब कुआं ढह गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला राहत दल के साथ मौके पर पहुंच गया था। दोनों मजदूरों के शव रात डेढ बजे बाद निकाले गए। कुएं में मिटटी के बीच दोनो दबे थे, पोकलेन और जेसीबी की मदद से मिट्टी हटाई गई।
कुएं पर दीवार निर्माण का काम दशरथ गुर्जर के यहां चल रहा था। हादसे में मौत का शिकार हुए मजदूरों के नाम विक्रम सिंह उम्र 43 वर्ष पिता वैशाल सिंह और अमर सिंह उम्र 32 वर्ष पिता गोपाल सिंह राजपूत है, जो बरखेडाकला थाना क्षेत्र के केलुखेड़ा गांव के रहने वाले थे।