महावीर अग्रवाल
मंदसौर ११ मार्च ;अभी तक ; महावीर इंटरनेशनल संस्था द्वारा संस्था की सभी वीरा का मिलन और सम्मान समारोह अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष में आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम पूर्णतः संस्था की वीरा का- वीरा के द्वारा – वीरा के लिए आयोजित था।
सीए प्रजवी जैन ने बताया महावीर इंटरनेशनल ग्रुप ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एक भव्य और यादगार समारोह का आयोजन किया। यह आयोजन न केवल महिलाओं को सम्मानित करने के लिए था, बल्कि उनकी भूमिका और योगदान को भी प्रोत्साहित करने के लिए किया गया था। इस कार्यक्रम में समूह की सभी महिलाओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया, साथ ही विभिन्न खेल, नृत्य और अन्य मनोरंजक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। संस्था द्वारा पहली बार संस्था की महिलाओं के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम रानी जैन, मीना जैन और अंतिम बक्शी के सहयोग से आयोजित हुआ।
स्वागत उद्बोधन रानी जैन ने प्रदान करते हुए बताया यह आयोजन महिलाओं को सम्मानित करने और उनकी भूमिका को प्रोत्साहित करने के लिए किया गया था। संस्था का मानना है कि महिलाएं समाज और संगठन की रीढ़ होती हैं और उनके योगदान को पहचानना और सम्मानित करना बहुत जरूरी है। इस आयोजन के माध्यम से समूह ने महिलाओं को यह एहसास दिलाने का प्रयास किया कि वे संस्था के लिए कितनी महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने सभी वीराओ को महिला दिवस की शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम की शुरुआत में रानी अग्रवाल, रीना गोदावत, विनीता खंडेलवाल, अनीता फाफरिया, सुनीता कुदार और रिंकू गर्ग द्वारा कार्यक्रम के प्रायोजक का माला से स्वागत किया गया। महिला सशक्तिकरण को सांस्कृतिक नृत्य से प्रदर्शित किया, महिलाओ ने इन प्रस्तुतियों का भरपूर आनंद लिया और तालियों की गड़गड़ाहट से महिलाओं का उत्साह बढ़ाया। नृत्य प्रदर्शन के दौरान महिलाओं की ऊर्जा और उत्साह ने सभी को प्रभावित किया, यह प्रस्तुति रुचि गर्ग, राधिका जैन, सृष्टि व्यास, स्वीटी चौधरी और प्रजवी जैन द्वारा दी गयी। महिलाओं को उनके योगदान और समर्पण के लिए प्रमाण पत्र दिए गए। यह प्रमाण पत्र न केवल उनकी मेहनत को पहचानने के लिए थे, बल्कि उन्हें आगे भी इसी तरह काम करने के लिए प्रेरित करने के लिए भी थे। प्रोजेक्ट प्रायोजक रानी जैन, मीना जैन और अंतिम बक्शी द्वारा इन प्रमाण पत्रों को व्यक्तिगत रूप से प्रदान किया, जिससे महिलाओं को गर्व और सम्मान की अनुभूति हुई। प्रमाण पत्र प्राप्त करने वाली महिलाओं ने अपने अनुभव साझा किए और बताया कि यह सम्मान उनके लिए कितना महत्वपूर्ण है। सभी विराओं ने आग्रह किया कि वे भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को जारी रखें।
आभार रिंकू गर्ग ने माना, यह जानकारी प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर दीप्ति डांगी ने दी।