अरुण त्रिपाठी
रतलाम, 02 अप्रैल ;अभी तक ; नेशनल इंवेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए) की लिस्ट में मोस्ट वॉन्टेड जयपुर ब्लास्ट योजना में शामिल आरोपी फिरोज खान को रतलाम पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस आरोपी पर 5 लाख रूपए का इनाम घोषित था। लंबे समय से फरार फिरोज को उसकी बहन के घर से मुखबिर सूचना पर गिरफ्तार किया गया। वह पिछले दो साल से पुलिस और जांच एजेंसियों की आंखों में धूल झोंक रहा था।
जयपुर में तीन साल पहले ब्लास्ट करने की कोशिश की गई थी। पुलिस ने 28 मार्च 2022 को राजस्थान के निंबाहेड़ा में चार पहिया वाहन से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री पकडी थी और मौके से आरोपी सैफुल्लाह, जुबैर और अल्तमश नाम के युवकों को गिरफ्तार किया था। इनसे पूछताछ के बाद विस्फोट योजना के मास्टर माइंड इमरान और उसके साथियों को एनआईए ने पकड़ा, लेकिन फिरोज खान तब से फरार चल रहा था।
रतलाम एसपी अमित कुमार ने बताया कि जयपुर ब्लास्ट की कोशिश के मामले में आठ लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। एनआईए ने आरोपी फिरोज पर पांच लाख का इनाम घोषित किया था। उसे मंगलवार-बुधवार की रात हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस को आरोपी के आनंद कॉलोनी रतलाम स्थित घर पहुंचने की सूचना मिली थी। इसके बाद एसपी स्क्वाड ने उसे गिरफ्तार किया। इस आरोपी की गिरफ्तारी की जांच एजेंसी एनआईए को सूचना दे दी गई है।


