महावीर अग्रवाल
मन्दसौर १७ फरवरी ;अभी तक ; आवश्यकता विहीन अनियंत्रित भूमि अधिग्रहण के विरोध में भारतीय किसान संघ मालवा प्रांत जिला मंदसौर द्वारा 17 फरवरी, सोमवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार मंदसौर को ज्ञापन दिया गया। भारतीय किसान संघ द्वारा मालवा प्रांत की सभी तहसीलदारों में एक साथ सोमवार को ज्ञापन दिये गये।
ज्ञापन में कहा कि भारतीय किसान संघ विकास विरोधी नहीं है परन्तु खेती किसानी का विनाश करने वाले विकास का समर्थन भी नहीं करता है। अतः स्पष्ट रूप से हमारी मांग है कि इंदौर में आउटर रिंग रोड के लिये किसानों की सहमति के बिना ज्याइंट सर्वे प्रारम्भ किया गया है उसे रोका जाए। विगत 12 वर्षों से गाइडलाइन नहीं बढ़ाई गई अतः प्रतिवर्ष 20 प्रतिशत के हिसाब से गाइडलाइन बढ़ाई जाए। नई गाइडलाइन अनुसार उसका 4 गुना मुआवजा दिया जाए। प्रदेश के सभी विकास प्राधिकरणों को भंग किया जाए। यह अपने गठन के उद्देश्य से भटक कर भू माफिया की तरह काम कर रहा है। सर्वोच्च न्यायालय द्वारा सात सूत्रीय गाइडलाइन का पालन वर्तमान राजपत्र में नहीं किये जाने से उसे निरस्त किया जाये। किसानों की आपत्ति का निराकरण कर संबंधित दर्ज प्रकरण में पारित निर्णय की प्रति किसानों को प्रदान की जाये। जनहित आवश्यकता विहीन अनियंत्रित भूमि अधिग्रहण को नियंत्रित किया जाकर जितनी भूमि का अधिग्रहण किया जा रहा है उतनी ही भूमि उस पटवारी हल्के में दिया जाये। भूमि ग्रहण की प्रक्रिया अधिनियम 2013 के मूल स्वरूप अनुसार की जाये।
ज्ञापन में कहा कि उक्त न्यायोचित बिन्दुओं पर सरकार गंभीरता से निर्णय नहीं लेती है तो भारतीय किसान संघ मालवा प्रांत प्रत्येक तहसील स्तर पर उग्र आंदोलन करने हेतु बाध्य होगा।
इस अवसर पर मालवा प्रांत सदस्य भंवरसिह पंवार, जिला संरक्षक राधेश्याम पाटीदार करजू, जिला मंत्री राधेश्याम ठन्ना फतेहगढ़, जिला कार्यालय मंत्री प्रीतिपालसिंह बेहपूर, जिला सदस्य मदनसिंह चांदाखेड़ी, मंदसौर तहसील अध्यक्ष रामकिशन धनगर धमनार, तहसील मंत्री मांगीलाल प्रजापत दलौदा, मोहनलाल सूर्यवंशी आक्या आदि उपस्थित थे।


