देवेश शर्मा
मुरैना 19 फरवरी ;अभी तक ; मुरैना जिले के कैलारस इलाके में यात्री बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली में आमने-सामने से टक्कर हो गई। इस भीषण टक्कर में ट्रैक्टर सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई । पांच लोग गंभीर घायल हो गए। सभी घायलों को कैलारस अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
बताया जा रहा कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार लोग कैलारस की तरफ से शादी समारोह में शामिल होकर अपने गांव सबलगढ़ को ओर जा रहे थे और यात्री बस सबलगढ़ की ओर से कैलारस आ रही थी। इसी दौरान सैमई चौराहे के पास यह हादसा हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को कैलारस अस्पताल भेजा गया। कैलारस पुलिस ने दोनों वाहन जब्त कर लिए हैं।
पुलिस ने बताया कि ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार लोग बाराती थे जो कि कल रात सबलगढ़ तहसील के गांव कुल्हौली से कैलारस के खेरली गांव में बारात लेकर आए थे। आज शादी होने के बाद अपने गांव सबलगढ़ कुल्हौली जा रहे थे। तभी सैमई चौराहे के पास आमने से तेजी से आ रही अनियंत्रित बस से भिंडत हो गई ।
कैलारस टीआई वीरेश कुशवाह ने बताया कि मुरैना सबलगढ़ नेशनल हाइवे 552 पर कैलारस की ओर से जाने वाली ट्रैक्टर ट्रॉली और यात्री बस में भिंडत हो गई है इसमें दो लोगों की मौत हुई है एवं पांच लोग गंभीर घायल हुए हैं।


