महावीर अग्रवाल
मन्दसौर। 14 जून ;अभी तक ; सुंदरलाल पटवा शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, मंदसौर में अधिष्ठाता डॉ. शशि गांधी के मार्गदर्शन में पैथोलॉजी विभाग द्वारा ब्लड बैंक- इंदिरा गांधी जिला चिकित्सालय, मंदसौर के सहयोग से विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में चिकित्सा शिक्षकों, सीनियर रेजिडेंट्स, ट्यूटरों, इंटर्न्स एवं एमबीबीएस विद्यार्थियों के द्वारा रक्तदान जागरूकता हेतु शपथ ग्रहण की। आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में कुल 54 यूनिट रक्त एकत्र किया गया।
इस पुनीत कार्य में चिकित्सा शिक्षकों, सीनियर रेजिडेंट्स, ट्यूटरों, इंटर्न्स, एमबीबीएस विद्यार्थियों, आउटसोर्स स्टाफ एवं एमआईटी कॉलेज, मंदसौर से आए अतिथि स्टाफ सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सेवाभाव का परिचय दिया। यह आयोजन न केवल चिकित्सा विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व एवं मानवीय संवेदनाओं को सशक्त करता है, बल्कि चिकित्सा महाविद्यालय की सेवा, समर्पण एवं सामाजिक सहभागिता की परंपरा को भी दृढ़ता से अभिव्यक्त करता है। इस सफल आयोजन में सुंदरलाल पटवा शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, मंदसौर के पैथोलॉजी विभाग के स्टाफ की भूमिका सराहनीय रही, जिन्होंने समर्पण, समन्वय एवं व्यवस्था के साथ संपूर्ण कार्यक्रम को सफल बनाया।


