महावीर अग्रवाल
मंदसौर २० फरवरी ;अभी तक ; अधिवक्ता संघ मंदसौर द्वारा नवीन अधिवक्ता संशोधन अधिनियम 2025 के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस अधिनियम में अधिवक्ताओं की हड़ताल और बहिष्कार पर रोक, अनुशासनात्मक कार्यवाही, विदेशी कानूनी फर्मों के प्रवेश की अनुमति, वकीलों पर अनुचित आर्थिक दंड लगाने जैसे कई प्रावधान किए गए हैं, जिनका अधिवक्ता संघ ने पुरजोर विरोध किया।
मंगलवार को वकीलों ने जिला अधिवक्ता संघ के बेनर तले और संघ के अध्यक्ष रघुवीर सिंह पँवार के नेतृत्व मे न्यायालय परिसर में एकत्र होकर पैदल मार्च निकाला और नारेबाजी करते हुए जिला एवं सत्र न्यायाधीश महोदय को प्रधानमंत्री एवं विधि मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। अधिवक्ताओं ने कहा कि यह विधेयक वकीलों की स्वतंत्रता छीनने और न्याय व्यवस्था को कमजोर करने की साजिश है।
ज्ञापन पढ़कर सुनाते हुए अधिवक्ता संघ के सचिव प्रवीण जैन ने कहा कि सरकार अधिवक्ताओं के हित में कोई ठोस कदम नहीं उठा रही, जबकि उनके अधिकारों को सीमित करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने मांग की कि सरकार इस विधेयक को तत्काल वापस ले।
इस विरोध प्रदर्शन में अधिवक्ता संघ के पदाधिकारी सर्वश्री अजय भावसार, प्रवीण कुमार सोनी, सुनीलसिंह गौतम, विजय आसेरी, विरेन्द्र भादविया, अनुराग दिवाकर, अनिल कुमार शर्मा, धर्मेन्द्रसिंह सोलंकी, शकुंतला नागदा, चन्द्रेशकुमार सोलंकी, अजय सिंह पुरावत सहित जिले के समस्त वरिष्ठ व कनिष्ठ अधिवक्ता सम्मिलित हुए।
इस दौरान पूरे दिन अधिवक्ताओं ने न्यायालयीन कार्यों से विरत रहकर प्रदर्शन किया।


