आशुतोष पुरोहित
खरगोन २२ फरवरी ;अभी तक ; मध्य प्रदेश के जिला मुख्यालय पर शुक्रवार को रोचक दृश्य देखा गया। आधुनिकता के युग में कक्षा 10वीं और 12वीं परीक्षा के लिए परीक्षा सामग्री को कुछ केंद्राध्यक्ष तांगे में भी ले गये। तांगे में महत्वपूर्ण और गोपनीय परीक्षा सामग्री का परिवहन चर्चा का विषय बन गया। आमतौर पर तांगे अब कम देखने को मिलता है लेकिन प्रदेश का खरगोन शहर एक ऐसा शहर है जहाॅ आज भी लोग तांगे की सवारी पसंद करते है।
अधिकृत जानकारी के अनुसार खरगोन जिले में 95 केदो पर हो रही परीक्षा में 10 संवेदनशील और एक अति संवेदनशील केंद्र है । इस वर्ष कक्षा 12वीं में 15274 और दसवीं में 18715 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। उत्कृष्ट विद्यालय से जिला शिक्षा अधिकारी एसके कानुड़े की मौजूदगी में परीक्षा सामग्री का वितरण किया गया। उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य राजेंद्र पाटीदार ने बताया कि चार दिन पूर्व पुलिस सुरक्षा में उत्कृष्ट विद्यालय के स्ट्रांग रूम में यह सामग्री रखी गई थी, आज इसका वितरण कर दिया गया। उन्होंने कहा कि केंद्र अध्यक्ष और सहायक केंद्र अध्यक्ष इसे संबंधित थानों में जमा कराएंगे।
परीक्षा सामग्री को केंद्र अध्यक्ष और सहायक केंद्र अध्यक्ष विभिन्न परिवहन के साधनों से ले गए, इसमें तांगा, ऑटो, वैन आदि शामिल है।
खरगोन में आज भी तांगे चलते हैं, लेकिन गोपनीय परीक्षा सामग्री को इस पर लाद कर ले जाना चर्चा का विषय बन गया। हालांकि परीक्षा सामग्री सील्ड होती है, लेकिन आधुनिक युग में तांगे पर इसका परिवहन देखना रोचक घटना रही।


