महावीर अग्रवाल
मंदसौर २२ फरवरी ;अभी तक ; प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मंदसौर के प्राचार्य डॉ. जे.एस. दुबे ने बताया कि महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के संस्था स्तरीय सप्त दिवसीय विशेष शिविर के द्वितीय दिवस में शिविरार्थियों ने परियोजना कार्य में रिछालाल मूंहा स्थित देवनारायण मंदिर परिसर में स्वच्छता कर वृक्षों के आसपास क्यारियों का निर्माण किया। इस दौरान कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अनिल कुमार आर्य, प्रो. ऋतु शर्मा, प्रो. प्रहलाद भट्ट एवं सार्थक ग्रुप मंदसौर के सदस्यों द्वारा सहयोग प्रदान किया गया।
बौद्धिक सत्र में सरस्वती शिशु मंदिर रिछा लाल मूंहा में जिला संगठक डॉ. के.आर. सूर्यवंशी ने रासेयो का लक्ष्य बताया। उन्होंने कहा कि किस प्रकार हम राष्ट्र के काम आ सके। विद्यालय के प्रधानाचार्य महेश पाटीदार ने शिविरार्थियों को स्वामी विवेकानंद के जीवन के बारे में बताया ।
एनसीसी कार्यक्रम अधिकारी प्रो. योगेश पटेल ने विद्यार्थियों को बताया कि जो व्यक्ति अपना कार्य तो स्वयं करें, साथ ही दूसरों का भी हित करें ,उसे स्वयंसेवक कहते हैं। उन्होंने सफलता का फॉर्मूला 10 – 50 बताया, जिसमें यदि विद्यार्थी जीवन में 10 वर्ष (18- 28) यदि अपना लक्ष्य निर्धारित कर उस पर कार्य करते हैं तो उनके जीवन के बाद के 50 वर्ष उज्ज्वल रहेंगे। साथ ही जीवन में माता पिता के महत्व के बारे में बताया। सार्थक ग्रुप से डॉ. उर्मिला तोमर ने व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता, समय प्रबंधन एवं जीवन में पर्यावरण संरक्षण के महत्व के बारे में बताया। डॉ. अशोक जी धनोतिया ने थिंक ग्लोबली, वर्क लोकली का संदेश दिया। अंत में आभार प्रदर्शन डॉ. ललिता लोधा ने किया।
शिविरार्थियों को प्रातः काल प्रभात फेरी के पश्चात योगाभ्यास कराया गया। सायंकाल में शिविरार्थियों ने ग्राम जनसंपर्क कर लोगों को सड़क सुरक्षा हेतु जागरूक किया। विद्यार्थियों ने विभिन्न नारों जैसे हेलमेट लगाओ जान बचाओ, सुरक्षा के साथ समझौता मतलब दुर्घटना को न्यौता एवं पोस्टर के माध्यम से जागरूक किया।
रात्रि में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक गीतों पर समूह नृत्य, गीत एवं कविता गायन आदि की प्रस्तुतियां दी।


