प्रदेश

विधवा और उसकी पुत्री को लूटने वाले 13 गिरफ्तार

आशुतोष पुरोहित
खरगोन 6 जून :;अभी तक;  मध्य प्रदेश के खरगोन जिला मुख्यालय पर एक विधवा और उसकी पुत्री को गन पॉइंट पर लूटने के मामले में पुलिस ने आज शंकर गैंग के 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। वे एक जिनिंग फैक्ट्री को लूटने की योजना बना रहे थे।
                                    खरगोन की पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा ने आज सायं पत्रकारों को बताया कि जिला मुख्यालय से लगे दामखेड़ा कॉलोनी में विधवा ललिता जायसवाल और उसकी पुत्री से हथियारों के दम पर स्वर्ण आभूषण और कैश लूटने के मामले में सफलता प्राप्त हुई है। इस मामले में धार जिले के बाग टांडा क्षेत्र की कुख्यात शंकर गैंग के आठ और उन्हें मदद करने वाले पांच स्थानीय लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
                                       उनके पास से चार लाख रुपए के आभूषण 21000 रुपए कैश ,तीन दो पहिया वाहन ,एक कार और सात मोबाइल भी जब्त किए गए हैं। उन्होंने बताया कि पीड़ित महिला ने पहले ₹900000 की लूट बताई थी। लेकिन बाद में उसने स्पष्ट किया कि उसने नकली जेवरों की कीमत भी जोड़ ली थी।
                                उन्होंने बताया मेनगांव पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि लूला बाबा फ़ाटे के सामने बने वेयर हाउस के पीछे आधा दर्जन से अधिक लोग लूट की योजना बना रहे हैं। एसडीओपी के नेतृत्व में भेजी गई टीम ने उन्हें हिरासत में लिया। उनके पास से दो देशी पिस्तौल कुछ हथियार और लोहा काटने के कटर आदि बरामद हुए। उनसे पूछताछ किए जाने पर उन्होंने 23-24 मई की दरमियानी रात दामखेड़ा कॉलोनी में हुई लूट का भी खुलासा कर दिया।
                                उन्होंने बताया कि पांच स्थानीय लोगों ने विधवा के पुत्र की मृत्यु की बीमा राशि और उसके पास काफी मात्रा में आभूषण होने की जानकारी दी थी।
                               पुलिस ने गैंग लीडर शंकर अनारे और उसके साथियों जीलू अनारे, मुकेश बिलवाल, सुनील चौहान, गजू देवका, भुरू मकवाना, हरिया सिंगर व लाल सिंह के अलावा क्षेत्र के कालूराम तलवारे, मोहम्मद हसीर, शुभम उर्फ बत्ती नामदेव, दिनेश पाटीदार और लक्ष्मण लोहरे को भी गिरफ्तार किया है।
                              उन्होंने बताया कि खरगोन जिले के कसरावद पुलिस को भी राहगीरों से लूट के कई मामलों के तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। पुलिस में शातिर बदमाश गोकुल सोलंकी, अमित चौहान और सुनील वर्मा को गिरफ्तार किया है। गोकुल सोलंकी के विरुद्ध 7 अपराध पंजीबद्ध है। वे ट्रांसफार्मर से तेल चुराने का भी काम करते थे।

 

Related Articles

Back to top button