प्रदेश

आकांक्षी विकासखंड के लक्ष्यों को पूरा करने की हो रही कार्यवाही 

मोहम्मद  सईद
शहडोल 9  जुलाई अभी तक। शहडोल जिले में संपूर्णता अभियान अंतर्गत आकांक्षी विकासखंड गोहपारू के लिए जो लक्ष्य दिए गए हैं, उन लक्ष्यों को पूरा करने की आवश्यक कार्यवाही की जा रही है। इस आकांक्षी विकासखंड के अंतर्गत आने वाले विभागों को लक्ष्य दिए गए है एवं लक्ष्य प्राप्त  करने हेतु निर्देशित भी किया गया है। आकांक्षी विकासखंड गोहपारु में स्वास्थ्य विभाग एवं महिला बाल विकास विभाग के मैदानी कर्मचारियों द्वारा डोर टू डोर जाकर गर्भवती महिलाओं का पंजीयन किया जा रहा है एवं उनके स्वास्थ्य के लिए विशेष सलाह भी दी जा रही है। यह बात कलेक्टर तरूण भटनागर ने सोमवार को शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था गोहपारू में संपूर्णता अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही।
                            कलेक्टर श्री भटनागर ने कहा कि शहडोल जिले में कृषि विभाग द्वारा मृदा परीक्षण का कार्य भी किया जा रहा है। कृषि विभाग द्वारा किसानों को मृदा परीक्षण कराने की समझाईस दी जा रही है साथ ही किसानों को मृदा परीक्षण से मिलने वाले लाभों से भी अवगत कराया जा रहा है।
                           कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारत सरकार के नीति आयोग के सदस्य सुहैल खान ने कहा कि गर्भवती महिलाओं का ध्यान रखना बहुत आवश्यक होता है। गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य के साथ-साथ उनके खान-पान में भी विशेष ध्यान देने की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि  स्वास्थ्य विभाग की टीम एवं महिला बाल विकास की टीम अपने संबंधित मैदानी क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं का पंजीयन करें एवं उनके स्वास्थ्य की जानकारी प्राप्त करते रहें इसके साथ ही समय-समय पर उनके टीकाकरण का भी ध्यान रखें एवं समय में टीकाकरण करवाएं। कलेक्टर तरूण भटनागर एवं नीति आयोग के सदस्य सुहैल खान ने कार्यक्रम में लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विभिन्न प्रकार के बनाए गए व्यंजनों का स्वाद भी चखा।
                            जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती फूलवती सिंह, दीनदयाल अंत्योदय समिति के द्वारिका सोनी, महिला बाल विकास विभाग की परियोजना अधिकारी श्रीमती सतवंत कौर, स्वास्थ्य विभाग से प्रियंका मसराम ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रभा मिश्रा, अध्यक्ष जपनद पंचायत गोहपारू श्रीमती रामबाई, एस डी एम जयसिंहनगर श्रीमती प्रगति वर्मा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत गोहपारू वेदमणि मिश्रा, सहित बड़ी संख्या में महिला एवं बाल विकास की दीदी एवं अन्य विभागीय अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button