प्रदेश

मानव-वन्य प्राणी द्वन्द और वन व पर्यावरण संरक्षण की दी जानकारी 

मोहम्मद सईद
शहडोल 30  सितंबर अभी तक। टाइगर को लेकर देश ही नहीं बल्कि विश्व में अपनी विशिष्ट पहचान रखने वाले बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में नवाचार किया जा रहा है। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के नए क्षेत्र संचालक के रूप में गौरव चौधरी द्वारा पदभार संभालने के बाद यहां पहली बार चरवाहा सम्मेलन का आयोजन किया गया। वन परिक्षेत्र मानपुर बफर अन्तर्गत ग्राम मझखेता में आयोजित इस चरवाहा सम्मेलन में वन्य प्राणियों से बचने के उपायों के साथ ही उन्हें अन्य लाभदाई जानकारी प्रदान की गई।
                                 क्षेत्र संचालक गौरव चौधरी के मार्गदर्शन एवं उप संचालक प्रकाश कुमार वर्मा के निर्देशन में हुए इस चरवाहा सम्मेलन में सहायक संचालक, परिक्षेत्राधिकारी व वन अमले के साथ ही मझखेता, देवरी, मढ़ऊं, बड़खेरा, समरकोइनी, दमना, गाटा, बांसा, कछौंहा ग्रामों के सरपंच, उप सरपंच, ईको विकास समितियों के अध्यक्ष और ग्रामवासियों के अलावा उक्त क्षेत्र के चरवाहे विशेष रूप से शामिल रहे। सम्मेलन में पुरुष व महिला चरवाहों ने वन विभाग के समक्ष अपनी बात रखी और अनुभव साझा किये। वन विभाग ने भी शासकीय योजनाओं, मानव-वन्य प्राणी द्वन्द एवं वन व पर्यावरण संरक्षण पर उन्हें जानकारी प्रदान की। सम्मेलन में चरवाहों को उपहार के रूप में छाता का वितरण किया गया और उन्हें भोजन भी कराया गया।
                                             बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के उप संचालक प्रकाश कुमार वर्मा ने इस संबंध में बताया कि चरवाहा सम्मेलन पहली बार बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में आयोजित किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि चरवाहों को जो छाता दिया गया है, उसमें परिक्षेत्र अधिकारियों के फोन नंबर भी उल्लेखित है। ताकि किसी विषम परिस्थिति में तत्काल वन अधिकारियों को सूचना दी जा सके।
1 अक्टूबर से पर्यटकों से गुलजार होगा पार्क
                                     बारिश के दौरान बंद रहने वाला बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व पर्यटकों के लिए 1 अक्टूबर से खुलने जा रहा है। पार्क खुलने के पहले पर्यटकों के लिए पार्क प्रबंधन द्वारा जोर-जोर से तैयारी की जा रही है। क्षेत्र संचालक गौरव चौधरी ने अभीतक से चर्चा के दौरान बताया कि
                                       ऑनलाइन बुकिंग करा कर एक अक्टूबर को आने वाले पर्यटकों का स्वागत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पार्क खुलने से पूर्व यहां के गाईड को दक्ष प्रशिक्षकों द्वारा प्रशिक्षण दिया जा चुका है। गाइड को इस बात का प्रशिक्षण दिया गया है, कि आने वाले पर्यटकों को किसी भी किस्म की कोई दिक्कत ना हो और पर्यटक बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की किसी भी तरह की जानकारी से वंचित न रह पाए। क्षेत्र संचालक श्री चौधरी ने बताया कि वाहनों का सही तरीके से आवागमन हो सके, इसके लिए पार्क के अंदर की सड़कों की मरम्मत भी कराई गई है।

Related Articles

Back to top button