मोहम्मद सईद
शहडोल 19 अप्रैल अभी तक। देश ही नहीं बल्कि पूरे विश्व में बाघों के लिए पहचाने जाने वाले बांधवगढ़ नेशनल पार्क में लोग बाघ का दीदार करने पहुंचते हैं। लेकिन कई बार पर्यटकों को निराशा हाथ लगती है और बिना बाघ का दीदार किए ही बिरंग लौटना पड़ जाता है। लेकिन इस क्षेत्र में कई बार ऐसे दृश्य सामने आए हैं जहां बाघ और बाघिन राहगीरों को नजर आ जाते हैं। अब ऐसा ही एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है जिसमें एक बाघिन अपने चार शावकों के साथ सड़क पार करते हुए नजर आ रही है। बताया जा रहा है कि उस क्षेत्र से गुजरने वाले किसी राहगीर ने बाघिन और उसके शावकों का वीडियो बना लिया जो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
सोशल मीडिया में वायरल इस वीडियो में नजर आ रहा है, कि एक बाघिन पहले सड़क पार करते हुए जंगल की ओर जाती है और उसके पीछे एक-एक कर चार शावक सड़क पार कर बाघिन की तरफ जाते हैं। ऐसा बताया जा रहा है कि यह वीडियो ताला से उमरिया मार्ग पर किसी राहगीर ने अपने मोबाइल पर कैद किया है जो भद्र शिला कैम्प के पास की है। लेकिन अभी तक यह पुष्ट नहीं हुआ है कि यह नजारा कब का और कहां का है।

