एस पी वर्मा
सिंगरौली ५ जून ;अभी तक ; आज विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार भारत विकास परिषद सिंगरौली द्वारा चाचा नेहरू पार्क बैढ़न में पर्यावरण संरक्षण के लिए पहल करते हुए आम तथा ग्रीन मचेरा के पौधों का रोपण किया गया।
पौधरोपण करते हुए परिषद के अध्यक्ष विनोद दुबे ने बताया कि हर चौराहे हर मोड़ तक, पौधे से पेड़ तक यह परिषद के सदस्यों की सोच है।ऐसा नही कि हम पौधरोपण कर भूल जाएं और कुछ दिनों में ही हमारे लगाये हुए पौधे सुख जायँ। हमने इसके पूर्व भी न्यायालय परिसर के सामने और जहाँ कहीं भी पौधरोपण किया है वह सभी पौधे आज भी लहलहा रहे हैं। हम उतने ही पौधे लगाते हैं जितने की देखभाल भी कर सकें । परिषद का यह अभियान आगे भी जारी रहने वाला है।
इस अवसर पर गुरुवंदन छात्र अभिनन्दन के प्रांतीय संयोजक डॉ ओ पी राय ने हर चौराहे हर मोड़ तक , पौधे से पेड़ तक का नारा दिया। परिषद के भूतपूर्व अध्यक्ष सुरेंद्र गुप्ता ने बताया कि परिषद पर्यावरण संरक्षण के लिए शासन के हर कार्य में निःस्वार्थ सेवा एवं सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहती है। कोषाध्यक्ष सुरेंद्र नोतवानी ने सभी सिंगरौली वासियों से अपील करते हुए कहा कि अगर हमें लम्बा और स्वस्थ जीवन जीना है तो पेड़ लगाने की आदत बनानी चाहिए। आज के इस कार्यक्रम में प्रमुख रूप से अशोक सिंह, पंकज शुक्ला, रामलगन विश्वकर्मा, विवेक श्रीवास्तव, मिथिलेश मिश्रा, बृजेश शुक्ला, स्वर्ण सिंह, दीपक गुप्ता, दिलीप कुशवाहा, मृत्युंजय सिंह, पृथ्वीराज, नीरज कारिवल एवं एसडीओ कृषि विभाग अजित कुमार सिंह उपस्थित रहे।


