अरुण त्रिपाठी
रतलाम,07 जुलाई ;अभी तक ; जिले के सैलाना नगर में मोहर्रम के जुलूस के दौरान हिंदू राष्ट्र लिखा बैनर जलाने का वीडियो वायरल होने से तनाव फैल गया। हिंदू संगठनों ने थाने का घेराव कर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने जांच शुरू कर 4 लोगो को हिरासत में लिया और इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया। तनाव के चलते बाजार बंद हो गए।
जिला मुख्यालय से 20 किलोमीटर दूर सैलाना में मोहर्रम के जुलूस के दौरान जो हुआ, उसका वीडियो मस्जिद चौराहे का बताया जा रहा है| इसमें ताजिए के आगे कुछ युवक मुंह से आग निकालने की कलाबाजी करते दिखाई दे रहे हैं। कलाबाजी करते हुए एक युवक ऊपर लगे हिंदू राष्ट्र लिखे झंडे की और मुंह करके आग का गुबार छोड़ते दिखाई दे रहा है। हालांकि झंडे के जलने की कोई जानकारी नहीं मिली। लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद हिंदू संगठनों ने विरोध जताते हुए सोमवार सुबह बाजारों को बंद करवा दिया। नाराज लोग चौराहे पर बैठकर सुंदरकांड पाठ करते हुए आरोपितों पर कार्रवाई की मांग करने लगे। सैलाना एसडीओपी नीलम बघेल, थाना प्रभारी सुरेंद्र गडरिया आदि ने उनसे चर्चा की | इस दौरान पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा।
एएसपी राकेश खाखा ने बताया कि पुलिस ने शांति भंग करने के आरोप में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है ।आरोपियों के नाम इस प्रकार है -शहजाद पिता सलीम मेव निवासी कालिका माता रोड, सैलाना,बबलू शाह निवासी कब्रिस्तान रोड, सैलाना,भय्यु पिता मुन्ना खान पठान निवासी कालिका माता रोड, सैलाना,अज्जू शाह पिता रमजानी शाह निवासी मस्जिद चौराहा, सैलाना| आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद सैलाना में शांति है और जनजीवन सामान्य है|


