महावीर अग्रवाल
मन्दसौर १० जुलाई ;अभी तक ; सैनिक स्कूल मंदसौर में गुरुपूर्णिमा महोत्सव के पावन अवसर पर पूज्य प्रसिद्ध राम कथा प्रवक्ता विद्वान संत आचार्य श्री रामानुजजी शास्त्री, का पावन आगमन हुआ। विद्यालय प्रांगण में उपस्थित कैडेट्स ने पुष्पवर्षा कर घोष के साथ उनका आत्मीय स्वागत किया। इसके पश्चात् पग प्रक्षालन की पवित्र परंपरा निभाते हुए आचार्यश्री के कर कमलों की छाप लेते हुए कैडेट्स ने उनके चरणों को वंदन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस भावपूर्ण अवसर पर आचार्य श्री ने चरित्र रामचंद्रस् विषय पर प्रेरणादायक उद्बोधन दिया। उन्होंने श्रीराम के जीवन से धैर्य, मर्यादा और सेवा भावना के आदर्शों को समझाते हुए कैडेट्स को आत्मविकास और राष्ट्रसेवा की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। आपने जामवंत और हनुमान के उदाहरण प्रस्तुत करते हुए कहा ‘‘यह भूमि आपके आचार्यों के जीवन का उत्तरकांड है, और आप सभी के जीवन का बालकांड।‘‘ उनकी वाणी ने सभी उपस्थितजनों के हृदय को छू लिया। गुरुपूर्णिमा के इस अवसर पर विद्यालय परिसर गुरुभक्ति, आत्मीयता और प्रेरणा की भावना से सराबोर हो उठा।
इस गरिमामयी अवसर पर भारतीय आदर्श शिक्षण समिति के अध्यक्ष श्री अशोक पारिख, सह-सचिव एवं सरस्वती विहार शैक्षिक संस्थान के प्रबंधक श्री सुनील शर्मा, सैनिक स्कूल मंदसौर की प्राचार्या डॉ. सरोज प्रसाद, कमांडेंड कर्नल एस.एम. सिंह, उपप्राचार्या सुश्री लक्ष्मी राठौड़, समाज के अनेक प्रबुद्धजन, विद्यालय की समस्त टीम एवं कैडेट्स उपस्थित रहे।


