प्रदेश

अनुपयोगी ड्रमों को बनाया डस्टबिन, स्वच्छता के लिए नगर पालिका का प्रयास

मोहम्मद सईद
शहडोल, 8 अक्टूबर ; अभी तक ; जिले की कोयलांचल नगरी धनपुरी को स्वच्छ और साफ सुथरा बनाए रखने के लिए नगर पालिका परिषद धनपुरी द्वारा लगातार नवाचार किया जा रहा है। इसी कड़ी में नगर पालिका धनपुरी द्वारा एक और नवाचार किया गया है। धनपुरी नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत जहां-जहां भी सार्वजनिक दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं, वहां आसपास किसी तरह का कोई कचरा एकत्र न हो इसके लिए नगर पालिका धनपुरी द्वारा अनुपयोगी ड्रम को साफ सुथरी डस्टबिन का रूप देते हुए पंडाल के समीप रखा गया है।
                                     नगर पालिका धनपुरी के मुख्य नगर पालिका अधिकारी प्रभात वरकड़े ने बताया कि शारदीय नवरात्र के मौके पर धनपुरी में विभिन्न स्थानों पर सार्वजनिक दुर्गा प्रतिमाओं को स्थापित किया गया है। मां भगवती का दर्शन करने पंडाल आने वाले श्रद्धालुओं द्वारा लाई जाने वाली पूजन और हवन सामग्री फूल, हार, अगरबत्ती के खाली पैकेट व उसकी पन्नी और मिठाइयों के खाली डिब्बों को श्रद्धालु यहां वहां ना फैलाएं इसके लिए दुर्गा पंडाल के समीप साफ सुथरी डस्टबिन रखी गई है। ताकि श्रद्धालु इन सामग्रियों को इस डस्टबिन में रख कर सफाई को बनाए रखें।
                                       उन्होंने बताया कि नगर पालिका धनपुरी द्वारा थ्री आर (रिड्यूज, रियूज, रिसाइकिल) पद्धति को बढ़ावा देने के लिए पुराने खाली अनुपयोगी ड्रमों को काटकर उसे डस्टबिन का रूप दिया गया है। इस डस्टबिन के आसपास स्वच्छता संबंधी संदेशों को भी प्रदर्शित किया गया है।
                                                नगर पालिका परिषद धनपुरी की अध्यक्ष श्रीमती रविंदर कौर छावड़ा और मुख्य नगर पालिका अधिकारी प्रभात वरकड़े ने दुर्गा पंडाल समितियां से  जुड़े पदाधिकारियों  अपील की है, कि वह नगर पालिका द्वारा रखाई गई डस्टबिन के संबंध में वहां आने वाले श्रद्धालुओं को भी अवगत कराएं।स्वयं सेवी संस्था फीडबैक फाउण्डेषन चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रोजेक्ट मैनेजर राहुल कुमार, आईईसी की पूरी टीम, स्वच्छता निरीक्षक पुरूषोत्तम गुप्ता, स्वच्छता सहायक संजय श्रीवास्तव, स्वच्छता पर्यवेक्षक शारदा प्रसाद इमालिया, राजन खुरसैल, शैलेष पाठक और पवन सेन भी विभिन्न पण्डालों में जाकर समिति के पदाधिकारिइयों से पण्डाल के समीप स्वच्छता बनाए रखने की अपील कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button