प्रदेश

उद्घाटन के दौरान केंद्रीय मंत्री  सिंधिया ने रेल मंत्री  अश्विनी वैष्णव से की एक और बड़ी मांग : बोले इस रेल लाइन को अब कैलारस से श्योपुर और श्योपुर से आगे कोटा तक जोड़ना है जरुरी* 

 देवेश शर्मा
मुरैना  7 अक्टूबर,;अभी तक ;   भारत के रेल मानचित्र में मध्यप्रदेश राज्य की केंद्रीय भूमिका है। अब तक कुल 05 वंदे भारत ट्रेने मध्यप्रदेश को सेवित कर रही है। राज्य ने अपने रेल बुनियादी ढांचे में महत्वपूर्ण प्रगति देखी है, जो इस क्षेत्र में बढ़ते निवेश की राष्ट्रीय प्रवृत्ति को दर्शाता है। मध्यप्रदेश राज्य में पिछले 10 वर्षों में 222 किलोमीटर की नई रेल लाइन परियोजनाएं, 1200 किलोमीटर की मल्टी-ट्रैकिंग परियोजनाएं और 707 किलोमीटर की गेज परिवर्तन परियोजनाएं पूर्ण हुई हैं। मध्यप्रदेश में कनेक्टिविटी में सुधार करने के साथ ही आपदा प्रबंधन और परियोजना निगरानी के लिए ड्रोन और जीपीएस ट्रैकर्स का इस्तेमाल कर सुरक्षा भी बढ़ाई गई है। यह काम भारत में पहली बार किया गया है। यात्री सेवाएं देने के साथ ही ग्वालियर और खजुराहो स्टेशन का पुनर्विकास भी किया जा रहा है।
                                     यह बात केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रोद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी बैष्णव ने संशोधित करते हुए वर्चुअल माध्यम से जुड़कर कही।
                                   रेल मंत्री ने बताया कि ग्वालियर-श्योपुरकला (188 किलोमीटर) आमान परिवर्तन प्रोजेक्ट, 2355 करोड़ रूपये की लागत से तैयार होने जा रहा है, जिसमें अब तक कुल 61 किलोमीटर ट्रैक का कार्य संपन्न हो चुका है, शेष कार्य तीव्र गति से जारी है, जिसको जल्द से जल्द पूर्ण कर क्षेत्र की जनता को यह उच्चीकृत सेवा उपलब्ध होगी। इस नए 13 किलोमीटर के खंड का निर्माण 163 करोड़ रूपये से हुआ है। इस परियोजना के तहत पूरे श्योपुरकलाँ तक  आमान परिवर्तन का कार्य अगले वर्ष जुलाई 2025 तक पूरा कर लिया जाएगा।
                                  रेल मंत्री ने कहा कि इस परियोजना के शुरुआत से मध्यप्रदेश के मुरैना जिले का सामाजिक-आर्थिक विकास, क्षेत्र में औद्योगिक विकास और रोजगार के अवसरों के लिए बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराने में सहायता होगी साथ ही माल के परिवहन की लागत कम होगी और रेलगाड़ियों की संख्या में वृद्धि और माल के परिवहन में आसानी से आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा। इस लाइन को जल्द ही कोटा तक विस्तारित किया जायेगा।
                               कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री  ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि आज जौरा को एक ऐसी सौगात मिल रही है, जिसका सपना इस क्षेत्र के लोग लंबे समय से देख रहे थे। रेलवे में क्रांति लाने का काम प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्री  अश्विनी वैष्णव ने किया है। भारतीय रेलवे पूर्वोत्तर में भी लगातार विकास कर रही है। पूर्वोत्तर के 6 राज्यों में रेलवे लाइन बिछाई जा चुकी है। आज इस आमान परिवर्तन से मध्यप्रदेश के विकास में एक नया इतिहास लिखा जा रहा है। अब हम इस रेल लाइन के कोटा तक विस्तारित होने का बेताबी से इंतजार कर रहे हैं। मुरैना क्षेत्र वासियों को एक बड़ी सौगात देते हुए केंद्रीय मंत्री  ज्योतिरादित्य सिंधिया ने जौरा से ग्वालियर-जौरा कैलारस जाने वाली मेमू ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और स्वयं  सफर भी किया।
                           केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह तोमर, रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव के नेतृत्व में यह रेल लाइन कैलारस से श्योपुर और श्योपुर से कोटा तक जाएगी। केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने बताया कि इस मेमू ट्रेन की स्वीकृति हुई, और मात्र 20 दिन के भीतर रेल मंत्रालय ने ट्रेन को कैलारस तक चलने का फ़ैसला लिया। इसी के साथ श्री सिंधिया ने मंत्री श्री वैष्णव से कहा कि अब जरुरत है कि हम इस रेल लाइन को कैलारस से श्योपुर और श्योपुर से कोटा तक लेकर जाए। श्री सिंधिया ने अपने पिता एवं पूर्व रेल मंत्री कैलाशवासी माधव राव सिंधिया के विशेष कार्यों का वर्णन किया और कहा कि पिताजी ने ग्वालियर से श्योपुर नैरो गेज से ब्रॉडगेज में परिवर्तित कर ग्वालियर से कई ट्रेनें शुरू की थी। आज उनका स्वप्न पूरा हुआ है।
                                     मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने अपने संबोधन में बताया कि इस आमान परिवर्तन के लिए क्षेत्र के लोगों ने लंबा संघर्ष किया है। आज इस रेल सेवा के विस्तार से जौरा अलापुर और कैलारस विकास की मुख्यधारा से जुड़ जायेंगे। विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर ने कहा कि रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव तथा केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल के अंतर्गत जौरा अलापुर तथा कैलारस स्टेशन के मध्य आमान परिवर्तन उपरांत नवनिर्मित रेलखंड का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मंत्रीगण द्वारा गाड़ी संख्या 01895/01896 तथा 01897/01898 ग्वालियर – जौरा अलापुर मेमू ट्रेन के कैलारस स्टेशन तक विस्तारित सेवा को संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
                                 ज्ञातव्य रहे कि इस मेमू ट्रेन के विस्तार के लिए केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव को अगस्त 2024 में पत्र लिखा था। एक महीने के अंदर रेल मंत्री श्री वैष्णव ने इसको स्वीकृत कर दिया था और 2 महीने में श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की मेहनत से इस रेल लाइन का आज उद्घाटन भी हो गया।
                                   मुरैना श्योपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद श्री शिवमंगल सिंह तोमर ने रेल मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस मेमू ट्रेन के शुरू होने से क्षेत्र की जनता बेहद खुश है। हम उम्मीद करते हैं कि यह विकास यात्रा निरंतर चलती रहेगी।

Related Articles

Back to top button