गांव के किसान का बेटा बनेगा डॉक्टरः छिंदवाड़ा के शासकीय मेडिकल कॉलेज में पाया प्रवेश
![](https://abhitak.news/wp-content/uploads/2024/10/News-No-02-37.jpg)
दीपक शर्मा
पन्ना ४ अक्टूबर ;अभी तक ; देवेंद्रनगर तहसील के ग्राम गढ़ी पड़रिया के किसान पुत्र आर्यन उपाध्याय ने नीट परीक्षा 2024 में 894 वीं रैंक प्राप्त कर अपने गांव का नाम रोशन किया है। यह सफलता उनकी कठिन मेहनत और समर्पण का फल है, जिसने उनके परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में उत्साह का संचार किया है।
आर्यन के पिता, कमल किशोर उपाध्याय, जो एक किसान हैं, उन्होने बताया कि आर्यन का हमेशा से डॉक्टर बनने का सपना रहा है। इस सपने को पूरा करने के लिए उन्होंने अथक परिश्रम किया। उनकी माता, श्रीमती संगीता उपाध्याय, ने कहा कि आर्यन की शिक्षा महाराजजीमेंट पब्लिक स्कूल, सागर में हुई, जहां उसने न केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता प्राप्त की, बल्कि अपने लक्ष्यों की दिशा में दृढ़ता से आगे बढ़ने की प्रेरणा भी पाई। अब आर्यन छिंदवाड़ा के शासकीय मेडिकल कॉलेज में मेडिकल की पढ़ाई कर रहा है। अपनी इस सफलता का श्रेय उसने अपने शिक्षकों, नाना-नानी, माता-पिता और अन्य परिवारजनों को दिया।
आर्यन ने कहा कि उनके निरंतर समर्थन और प्रोत्साहन ने उसे हमेशा प्रेरित किया। आर्यन की इस उपलब्धि ने न केवल उसके परिवार को गर्वित किया, बल्कि सम्पूर्ण जिले के लिए भी एक नई प्रेरणा दी है। उसकी मेहनत यह संदेश देती है कि कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। गांव के लोग आर्यन की सफलता पर गर्व महसूस कर रहे हैं और उन्हें विश्वास है कि उनका उदाहरण अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्त्रोत बनेगा।