प्रदेश

प्रभारी कमिश्नर के औचक निरीक्षण में नदारत मिला शिक्षक और हो गया निलंबित 

मोहम्मद सईद
शहडोल ३०  सितंबर अभी तक। शहडोल संभाग के प्रभारी कमिश्नर बीएस जामोद शनिवार को रीवा से शहडोल आए तो थे फुटबॉल प्रतियोगिता के फाइनल मैच व पुरस्कार समारोह में शिरकत करने। लेकिन इस दौरान भी उन्होंने शासकीय कार्यालय का निरीक्षण कर लिया। इस दौरान गड़बड़ी मिलने पर उन्होंने कार्यवाही भी की।
                            प्रभारी कमिश्नर शहडोल संभाग श्री जामोद ने शनिवार को जनपद पंचायत जयसिंहनगर के शासकीय प्राथमिक शाला एवं आंगनबाड़ी केंद्र खुशरवाह का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शासकीय प्राथमिक शाला खुशरवाह में पदस्थ शिक्षक सोमनाथ सिंह के अनुपस्थित पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित करने व दो वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को दिए।
कक्षा में कम मिले छात्र
                                         प्रभारी कमिश्नर ने निरीक्षण के दौरान प्राथमिक शाला खुशरवाह में विद्यार्थियों की उपस्थिति पंजी का भी अनलोकन किया, जिसमें पाया गया कि 36 विद्यार्थियों में से 13 विद्यार्थी ही उपस्थित पाए गए, जिस पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने निरीक्षण के दौरान प्राथमिक शाला खुशरवाह की अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं 10 दिवस के भीतर सुधरवाना सुनिश्चित करें।
लापरवाह कार्यकर्ता को नोटिस
                                            इसी प्रकार प्रभारी कमिश्नर शहडोल संभाग श्री जामोद ने आंगनबाड़ी केंद्र खुशरवाह का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता को कार्यों में लापरवाही बरतने पर नोटिस देने के निर्देश दिए। प्रभारी कमिश्नर ने आंगनबाड़ी केंद्र में दी जा रही संदर्भ सेवाओं व बच्चो के टिका कारण के संबंध में भी जानकारी ली।
                                               निरीक्षण के दौरान अनु विभागीय अधिकारी राजस्व श्रीमती प्रगति वर्मा, तहसीलदार श्रीमती सुषमा धुर्वे सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button