प्रदेश

भगोरिया से लौट रहे ग्रामीणों की ट्रैक्टर ट्राली पलटी, तीन वर्षीय मासूम समेत 2 की मृत्यु, 18 घायल

आशुतोष पुरोहित
खरगोन २२  मार्च: ;अभी तक;  मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में आज रात्रि एक बड़ा हादसा हो गया। भगोरिया से लौट रहे ग्रामीणों की ट्रैक्टर ट्रॉली पलट जाने से 3 वर्षीय बालिका समेत दो लोगों की मृत्यु हो गई और 18 अन्य घायल हो गए।
खरगोन के पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा ने बताया कि ग्राम डोपा के भगोरिया को अटेंड कर रॉयल बेड़ा जा रहे ग्रामीणों की ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गई। घटना के चलते  35 वर्षीय रंगली बाई की मौके पर ही मृत्यु हो गई। 3 वर्षीय प्रीतिमा ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण डोपा से करीब डेढ़ किलोमीटर आगे चले ही थे कि उनकी ट्रैक्टर ट्राली असंतुलित होकर पलट गई। घटना की जानकारी मिलते ही अधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने एंबुलेंस की सहायता से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।
उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों की स्थिति जानी गयी और आवश्यक निर्देश दिए गए। उन्होंने बताया कि अधिकांश घायल खतरे से बाहर हैं और उनकी स्थिति स्थिर है।
खरगोन के एसडीएम भास्कर गाचले ने बताया कि 18 घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल है।

Related Articles

Back to top button