प्रदेश

30 हजार का इनामी  मुन्ना राजा  गिरफ्तार

रवीन्द्र व्यास
छतरपुर 5 अक्टूबर ;अभी तक ;     तीन हत्या का आरोपी , जेल से फरार होने के बाद  पुलिस पर गोली चलाने वाले आरोपी अरविंद उर्फ मुन्ना राजा (58) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
                               पुलिस एस पी  अगम जैन ने  बताया विक्रमपुर  राजनगर  थाना के विक्रमपुर निवासी मुन्ना राजा  द्वारा   मार्च  2010 में अपने भाईयो के साथ मिलकर महेश गुप्ता नि0 विक्रमपुर की गोली मारकर हत्या की थी एवं प्राण घातक हमले में मौके पर मौजूद बाबूलाल कुशवाहा की भी मृत्यु उपचार के दौरान हो गई थी। उसी दिन इस घटना के कुछ समय बाद  आरोपियों द्वारा सियाराम पटेल की गोली मारकर हत्या की थी ।
                              थाना राजनगर में प्रथक प्रथक 2 हत्या के प्रकरण पंजीबद्ध किए गए थे। सभी आरोपियो की गिरफ्तारी के बाद न्यायालय के द्वारा 14-14 वर्ष की सजा से दण्डित किया गया था। अरविंद सिहं उर्फ मुन्ना राजा निवासी विक्रमपुर पेरोल में माह जून 2024 में सतना जेल से बाहर आया था l, पैरोल से फरार होने पर थाना कोलगवां सतना में अपराध का पंजीबद्ध किया गया था। आई जी  सागर जोन  प्रमोद वर्मा द्वारा 30 हजार रूपये के ईनाम की उद्घोषणा की गई।  सर्चिंग पार्टियां गठित की गई।
                                 04. अक्तूबर  को आरोपी अरविंद उर्फ मुन्ना राजा के पहाडी मेमारू तरफ जाने की सूचना प्राप्त हुई। पुलिस टीम संबंधित स्थान पर पहुंची,  फरार इनामी आरोपी  एक बंदूक कंधे पर टांगे हुये, एक अद्दी हाथ में लिये और एक कारतूसो का माला कंधे में लटकाये हुये दिखा। जिसे पुलिस टीम के द्वारा आत्मसमर्पण करने के लिये कहा, अपराधी के द्वारा पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नियत से बंदूक से फायर किया गया। जिसके बाद पुनः आत्मसमर्पण के लिये कहा। आरोपी मुन्ना के द्वारा पुनः पुलिस पार्टी पर फायर किया गया। पुलिस फोर्स पर फायरिंग होने के बाद  थाना प्रभारी राजनगर सिद्धार्थ शर्मा द्वारा सम्पूर्ण पुलिस फोर्स की सुरक्षा एवं आत्मरक्षा हेतु मुन्ना को डरा धमका कर आत्मसमर्पण करने के लिए अपनी शासकीय पिस्टल से हवाई फायर किया। पुलिस के फायर की आवाज सुनकर आरोपी अपने साथ लिये हथियार वही पर फेंक कर भागने लगा। जिसे पुलिस फोर्स के द्वारा घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया।
                                आरोपी अरविंद सिंह उर्फ मुन्ना राजा से एक 12 बोर की बंदूक , एक 12 बोर की अद्दी , एक टूटी हुई एयरगन ,24 जिंदा कारतूस 12 बोर के मय माला के, एक टार्च,  2 कारतूस के खोखे 12 बोर के, कीलो के टुकडे, कांच के टुकडे, एक थैली में बारूद(हथगोला बनाने की सामग्री) जप्त की गई।

Related Articles

Back to top button