प्रदेश

कलेक्टर ने ज्ञानोदय विद्यालय के छात्रों से किया संवाद, बेहतर शिक्षा के दिए टिप्स

मोहम्मद सईद
शहडोल 18 अगस्त अभीतक। कलेक्टर डॉक्टर केदार सिंह शनिवार को शिक्षा विभाग के कई अधिकारियों के साथ संभाग की प्रमुख मानी जाने वाली ज्ञानोदय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहुंचे। कलेक्टर ने यहां विद्यार्थियों से शिक्षा और अनुशासन सहित कई अन्य विषयों पर खुला संवाद किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं द्वारा पूछे गए प्रश्नों के उत्तर भी दिए। इस दौरान कलेक्टर ने छात्रों से यह भी पूछा कि वह पढ़ाई करके आगे क्या बनना चाहते हैं।
                                छात्रों से संवाद करते हुए कलेक्टर डॉ. सिंह ने कहा कि आपके जीवन से सब चीज छिन सकती है, लेकिन विद्या का धन ऐसा है जिसे कोई नहीं छीन सकता। और शिक्षा ही वह चीज है जिससे सब कुछ हासिल किया जा सकता है इसलिए आप लोग पढ़ाई में ज्यादा मन लगाएं।
                           कलेक्टर डॉक्टर सिंह ने बच्चों का मोटिवेशन करते हुए कहा कि आज मोबाइल और सोशल मीडिया के पीछे लोग भाग रहे हैं, लेकिन छात्रों को सोशल मीडिया और मोबाइल का सीमित उपयोग करना चाहिए। कलेक्टर ने स्कूल में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं से कई तरह के सवाल भी पूछे जिनका छात्रों ने सटीक जवाब दिया। छात्रों की इस वाकपटुता से कलेक्टर बेहद प्रभावित नजर आए। कलेक्टर डॉक्टर सिंह ने स्कूल के शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षकों द्वारा बच्चों को बेहतर शिक्षा दी जा रही है।
                                    इस मौके पर ज्ञानोदय प्ले स्कूल के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी जिसकी सभी ने सराहना की। इससे पूर्व छात्रों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया और स्कूल के संचालक अजय सिंह ने पुष्प गुच्छ भेंट कर कलेक्टर डॉ. सिंह का आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त आनंद राय सिन्हा, जिला परियोजना समन्वयक जिला शिक्षा केंद्र अमरनाथ सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी फूल सिंह मारपाची और कोटमा स्कूल के प्राचार्य संजय पाण्डेय भी उपस्थित थे। संवाद का यह कार्यक्रम लगभग 3 घंटे तक चला।
विशाल तिरंगा यात्रा निकाली
कार्यक्रम के अंत में स्कूल के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों द्वारा निकाली जा रही तिरंगा यात्रा को कलेक्टर डॉक्टर केदार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। तिरंगा यात्रा में यात्रा के संयोजक जितेंद साहू, संस्था के एमडी पंकज सिंह राजावत (रिटायर्ड बीएसएफ़), कार्यक्रम अधिकारी (बालिका)श्रीमती रेखा सिंह, कार्यक्रम अधिकारी (बालक) सुमेस्वर मिश्रा, धर्मेंद्र पटेल, सूरज नामदेव, सुश्री शारदा तिवारी, सुश्री जूही वाजपेयी ,सुश्री समा परवीन आदि शिक्षक उपस्थित थे। ये तिरँगा यात्रा ज्ञानोदय अंग्रेजी माध्यम पटेल नगर से ज्ञानोदय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पुलिस लाइन, राजेन्द्र टाकीज मार्ग से जेल बिल्डिंग और सिचाई विभाग होते हुए पुलिस लाइन विद्यालय में संपन्न हुई।

Related Articles

Back to top button