प्रदेश

चंबल के कुख्यात डकैत गुड्डा गुर्जर को उम्रकैदः मुरैना कोर्ट ने हत्या मामले में सुनाई सजा

देवेश शर्मा
मुरैना 13 सितंबर ;अभी तक ;  चंबल के कुख्यात डकैत गुड्डा गुर्जर को कल जिला न्यायालय ने उम्रकैद की सजा सुनाई गई है। मुरैना के नूराबाद में एक युवक की गोली मारकर हत्या करने के मामले में उसे दंडित किया है। मामले में शामिल अन्य आरोपी पहले ही पकड़े जा चुके थे, जिन्हें न्यायालय से सजा भी हो चुकी है।शॉर्ट एनकाउंटर के बाद से ही डकैत गुड्डा गुर्जर ग्वालियर केंद्रीय जेल में बंद था ।उस पर हत्या के तीन और हत्या के प्रयास के पांच मामलों सहित करीब 28 से 30 डकैती के मामले भी दर्ज हैं।
                                    शासकीय लोक अभियोजक  इंदर सिंह गुर्जर ने बताया- डकैत गुड्डा गुर्जर और उसके साथियों के खिलाफ नूराबाद में एक हत्या का प्रकरण दर्ज हुआ था। डकैत और उसके साथियों ने अपने साथी भारत गुर्जर को पकड़वाने के शक में जितेंद्र गुर्जर , निवासी लोहगढ़ नाम के युवक को 18अक्तूबर 2017 को गोली मारी थी, जिसकी इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई थी। गुर्जर ने बताया कि इस केस में गुड्डा गुर्जर फरार हो गया था। वहीं, उसके अन्य साथी गिरफ्तार हो गए थे, जिन्हें पहले ही सजा हो चुकी है। गुड्डा गुर्जर इस मामले में रह गया था, जिसे गुरुवार को मुरैना के न्यायालय ने उम्रकैद की सजा सुनाई है।
                                  उल्लेखनीय है कि ग्वालियर क्राइम ब्रांच पुलिस ने 9 नवंबर 2022 को रात 8 बजे गुड्डा गुर्जर को गिरफ्तार किया था। ग्वालियर से 40 किलोमीटर दूर जंगल में हुई मुठभेड़ में दोनों ओर से करीब 100 राउंड फायर हुए थे। पुलिस की एक गोली डकैत गुड्डा गुर्जर के पैर में लगी थी, गोली लगने के बावजूद भी वह पुलिस पर फायर करता रहा था। कारतूस खत्म हो जाने के बाद उसे पुलिस ने बंदूक सहित दबोच लिया था।

 


Related Articles

Back to top button