प्रदेश

अतिवृष्टि से मकान  की दीवार ढही , 9 बच्चों की मौत

रवींद्र व्यास

सागर ४ अगस्त ;अभी तक;  जिले की रहली विधानसभा क्षेत्र की शाहपुरा नगर पंचायत  में भारी बारिश के कारण एक  मकान की दीवार  ढह गई ।  मलबे में दबकर 9 बच्चों की मौतहो गई ,2 घायल बच्चों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

                 सागर जिले के रहली  में दो दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त है।बीती रात हुई तेज बारिश के कारण शाहपुर नगर पंचायत के वार्ड 4 में रविवार की सुबह करीब 9 बजे मुलु कुशवाहा का   दो मंजिला ५० साल पुराने  कच्चे मकान की दीवार अचानक ढह गई।प्रत्यक्ष दर्शियों के सावन के महीने में हरदौल मंदिर में पार्थिव (मिट्टी) शिवलिंग के निर्माण एवं भागवत कथा का आयोजन चल रहा है।  रविवार को अवकाश का दिन होने की वजह से शिवलिंग बनाने के लिए  बच्चे भी बड़ी संख्या में पहुंचे थे । ।इसी दौरान बाजू में बने मकान की दीवार अचानक शिवलिंग निर्माण कर रहे बच्चों पर  गिर गई जिसमें दबाकर 9 बच्चों की मौत हो गई जबकि 2 बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गया।घायलों को तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टर या अन्य स्टाफ नहीं मिला जिसे लेकर लोगो में आक्रोश देखा गया। बाद में उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

।घटना की जानकारी लगते ही पूर्व मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक पँ गोपाल भार्गव एवं उनके पुत्र भाजपा नेता अभिषेक भार्गव घटना स्थल पर पहुँचे और  पीड़ित परिजनों को सांत्वना दी।नगर पंचायत द्वारा जेसीबी मशीन से जर्जर भवन को तत्काल गिराया गया।

राष्ट्रपति ने जताया दुख

 हादसे पर महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दुख व्यक्त करते हुए  कहा कि “सागरमध्य प्रदेश में एक हृदय विदारक दुर्घटना में अनेक मासूम बच्चों की मृत्यु के समाचार से मन दुखी है। मैं प्रार्थना करती हूं कि ईश्वर शोक संतप्त माता-पिता एवं परिवारजनों को यह पीड़ा सहन करने की शक्ति प्रदान करें। मैं घायल हुए बच्चों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं। “

सीएम ने जताया शोक, 4–4 लाख की मदद

सीएम मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि आज सागर जिले के शाहपुर में हुई अतिवृष्टि के कारण जर्जर मकान की दीवार गिरने से 9 मासूम बच्चों के काल कवलित होने की खबर सुनकर मन व्यथित है। घायल बच्चों के उचित इलाज के लिए जिला प्रशासन को निर्देशित किया है।

भगवान से करबद्ध प्रार्थना है कि दिवंगत बच्चों की आत्मा को शांति प्रदान करें। हादसे में घायल अन्य बच्चों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं। जिन परिवारों ने मासूम बच्चों को खोया हैउनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मृतक बच्चों के परिजनों को शासन की तरफ से 4 -4 लाख रुपए की सहायता राशि दी जाएगी।

सीएम मोहन यादव  ने सीएमओ और उपयंत्री को किया निलंबित 

घटना के बाद सीएम  ने कार्यवाही में लापरवाही  बरतने वाले शाहपुर नगर परिषद के प्रभारी सीएमओ  धनंजय  और उपयंत्री  वीर विक्रम सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश दिए हैं |  सीएम ने x par लिखा कि  सागर जिले अंतर्गत नगर परिषद शाहपुर में जर्जर मकानों को चिन्हित करते हुए नोटिस भी जारी किए गए थे किंतु संबंधित अधिकारियों द्वारा स्थानीय प्रशासन को अवगत नहीं कराया गया। इस लापरवाही में दोषी पाए गए नगर परिषद शाहपुर के प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं उपयंत्री को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है। सभी प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया जाता है कि प्रदेश भर में जर्जर भवनों को चिन्हित करके विधि सम्मत कार्यवाही की जाएजिससे इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति अब नहीं हो। कर्तव्य से लापरवाही को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे और प्रदेशाध्यक्ष पटवारी ने जताया दुख

सागर में हुए हादसे पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने  सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से  दुख व्यक्त किया है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे ने लिखा की ” मध्य प्रदेश के सागर में भारी बारिश से दीवार गिरने के कारण 9 बच्चों की मृत्यु का समाचार बेहद हृदयविदारक है। कई लोग घायल भी हुए हैं। शोकाकुल परिवारों को हमारी ओर से गहरी संवेदनाएं व हम घायल पीड़ितों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते है। सरकार व प्रशासन से आग्रह है कि त्वरित मुआवजा दिया जाए और भारी बारिश व खराब मौसम से ऐसी घटनाएँ आगे ना होउसके लिए उचित कदम उठाए जाए। ऐसी लापरवाही दुर्भाग्यपूर्ण है।”

प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने लिखा कि आज सागर जिले के शाहपुर में मकान की दीवार गिरने से 9 मासूम बच्चों के निधन की खबर हृदय विदारक है।बाबा महाकाल दिवंगत बच्चों को अपने श्रीचरणों में स्थान एवं परिजनों को यह वज्रपात सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

पूर्व गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह ने किया शोक व्यक्त

पूर्व गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि सागर जिले के शाहपुर में हुए हृदयविदारक हादसे से मन बहुत ही व्यथित है। । परिवार पर जो बीत रही होगी उसकी कल्पना मात्र से ही सिहरन का अनुभव होता है। परिवार के लिए ये अपूरणीय क्षति है। दुःख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवार के साथ हैं। मैं परमपिता परमेश्वर से कामना करता हूँ कि शोक संतप्त परिवार को ये दुख सहने की शक्ति दे और दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करे। मैं घायलों के अति शीघ्र स्वास्थ्य लाभ होने की भी कामना करता हूँ।

जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष राजकुमार पचौरी ने की दस दस लाख मुआवजा की मांग

 जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष राजकुमार पचौरी शाहपुर पहुंचे । राजकुमार पचौरी ने मौके पर मौजूद कलेक्टर से इस घटना पर दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली तथा पीड़ितों को दस दस लाख रुपये दिलवाने का अनुरोध किया। राजकुमार पचौरी ने कहा कि शाहपुर में ही उचित चिकित्सा सुविधा होती तो कई को बचाया जा सकता था विलंब से चिकित्सालय पहुँचने से हुई मौत भी कारण हो सकता है।

राजकुमार पचौरी ने कहा कि जो शासन लोगों को उचित इलाज नहीं दिला सकता उससे उम्मीद कुछ अच्छा होने की नहीं की जा सकती \

 हादसे में इनकी गई जान

▪️ध्रुव पिता जगदीश यादव (12 वर्ष)

• नितेश पिता कमलेश पटेल (13 वर्ष)

• आशुतोष पिता मान सिंह प्रजापति (15 वर्ष)

• प्रिंस पिता अशोक साहू (12 वर्ष)

• पर्व पिता फूल कुमार विश्वकर्मा (10 वर्ष)

• दिव्यांश पिता निलेश साहू (10 वर्ष)

• देवराज पिता गोविंद साहू (8 वर्ष)

• वंश पिता यशवंत लोधी (10 वर्ष)

• हेमंत पिता भूरे (10 वर्ष)

घायल

• खुशी पटवा पुत्री अमित पटवा

• सुमित प्रजापति पुत्र महेश प्रजापति

Related Articles

Back to top button