प्रदेश

रतलाम के जावरा स्थित मंदिर परिसर में गोवंश का कटा सिर मिलने से तनाव, दो आरोपी गिरफ्तार, प्रशासन ने मकान तोड़े

अरुण त्रिपाठी
 रतलाम, 14 जून ;अभी तक;  जिला मुख्यालय से 35 किलोमीटर दूर जावरा शहर मे जागनाथ मंदिर परिसर में गोवंश का कटा सिर मिलने से तनाव फेल गया। शुक्रवार को तड़के पुजारी ने कटा सिर देखकर लोगों और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद नाराज हिंदू संगठनों ने जावरा बंद कराया और फोरलेन पर चक्काजाम कर दिया। भीड़ को तीतर-बितर करने के लिए पुलिस को एक जगह अश्रु गैस छोड़ना पड़ी और लाठीचार्ज भी करना पड़ा।
                                             रतलाम के एएसपी राकेश खाखा ने बताया कि 13 और 14 जून की रात दो शरारती तत्व बाइक से आकर मंदिर परिसर में गोवंश का टुकड़ा डालकर जाते देखे गए हैं। पुलिस ने जनभावना को ठेस पहुंचाने और धार्मिक भावनाओं भड़काने का प्रकरण दर्ज कर मेवातीपुरा मोहल्ला जेल रोड़ जावरा निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनसे पूछताछ के बाद उनके घर ढहा दिए गए। इस मामले की जांच कर अन्य आरोपी के संलिप्त होंने पर उनकी भी गिरफ्तारी की जाएगी|
                                         क्षेत्रीय सांसद सुधीर गुप्ता ने जावरा की घटना की निंदा की। उन्होंने प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा।जावरा विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय ने घटना को दुर्भाग्य पूर्ण बताते हुए आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही करने को कहा। जावरा के शहर काजी हाफिज भुरू भाईजान ने पत्र से शांति बनाए रखने की अपील की।
 गोवंश से भरा ट्रक पलटा, 14 गोवंश की मौत
                                 रतलाम जिले के जावरा के समीप भूतेड़ा टोल पर शुक्रवार दोपहर 26 गोवंश से भरा ट्रक भी पलट गया। इससे 14 गोवंश की मौत हो गई। इस घटना की जानकारी लगने पर जावरा में विरोध कर रहे लोगों ने मौके पर पहुंचकर ट्रक में आग लगा दी।

 

Related Articles

Back to top button