प्रदेश

कालाखेत स्थित बावड़ी में राज्यसभा सांसद, नपा अध्यक्ष, कलेक्टर, सीईओ ने किया श्रम दान

महावीर अग्रवाल
मंदसौर 11 जून ;अभी तक;  जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत राज्यसभा सांसद श्री बंशीलाल गुर्जर, कलेक्टर श्री दिलीप कुमार यादव, सीईओ जिला पंचायत श्री कुमार सत्यम, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रमादेवी बंशीलाल गुर्जर ने कालाखेत स्थित बावड़ी पर श्रम दान किया। इस दौरान कलेक्टर श्री यादव ने बावड़ी तक पहुंचने वाले पहुंच मार्ग के अवरोध को दूर करने के लिए नगर पालिका एवं तहसीलदार को निर्देश दिए। बावड़ी की साफ-सफाई करने में सामाजिक कार्यकर्ताओं, समाजसेवियो ने भी भरपूर योगदान दिया। जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत पूरे जिले में साफ सफाई के साथ महिलाओं द्वारा कलश यात्रा भी निकाली जा रही है। ग्रामीणों जनों के साथ हर गांव का दल तालाब, नाले की सफाई में जुट गया है। सैकड़ो महिला, पुरूष तथा युवा, समाजसेवी श्रमदान कर रहे हैं। श्रम दान के दौरान महिलाओं, पुरुषों में विशेष उत्साह दिख रहा था, श्रमदान के दौरान सभी जल संरक्षण के गीत भी गा रही है। श्रमदान के बाद सभी में खुशी की लहर दिखने लगी, सभी ने लगातार सफाई का संकल्प लिया। सांसद, कलेक्टर ने जल की महत्वा से सभी को अवगत कराया तथा गांव के कुएं, तालाब की सफाई की समझाइश दी।
                                         “जल गंगा संवर्धन अभियान” के तहत भूमि जल व वर्षा जल को सहेजने के लिए पुरानी जल संरचनाओं को पुनर्जीवित करने का काम किया जा रहा है। मंदसौर शहर सहित जिले के अन्य कस्बों एवं ग्रामीण अंचल में जन सहभागिता से जल संरचनाओं के जीर्णोद्धार का कार्य शुरू हुआ है। यह अभियान 16 जून तक चलेगा। प्रशासनिक अधिकारियों के साथ स्थानीय लोगों ने भी हाथ बटाया। भूमि का जल स्तर लगातार गिरता जा रहा है। हमें वर्षा जल सहेजने के लिए साझा प्रयास करने होगें। यह काम अकेले शासन व प्रशासन से संभव नहीं है। इसमें समाज को भी कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग करना होगा। जिले में हर दिन जल संरचनाओं को सहेजने का कार्य किया जा रहा है। जिले के नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों से होकर बह रहीं नदियों, सहायक नदियों, बाँध, तालाब व अन्य जल संरचनाओं के जीर्णोद्धार एवं संरक्षण कार्य के लिये सुनियोजित योजना बनाकर काम किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button