प्रदेश

43 लाख रुपये के ईनामी नक्सली को जवाबी कार्यवाही में मार गिराने वाले जांबाज सिपाहियों का होगा प्रमोशन

आनंद ताम्रकार
बालाघाट 28 जून ;अभी तक;  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बालाघाट के पुलिस लाइन स्थित मैदान पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में हॉकफोर्स के जांबाज सिपाहियों का ऑउट ऑफ टर्न प्रमोशन करेंगे। वे शनिवार को बालाघाट प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे यहां दो महत्वपूर्ण कार्यक्रम में शामिल होंगे।
                                  एएसपी हॉकफोर्स श्री देवेंद्र यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा हॉकफोर्स के 28 जवानों और पुलिस अधिकारियों को ऑउट ऑफ टर्न प्रमोशन देकर सम्मानित करेंगे। ये जवान व अधिकारी 1 अप्रैल 24 को लांजी के पितकोना केरझिरी के जंगल क्षेत्र में हुई नक्सली मुठभेड़ की जवाबी कार्यवाही में शामिल रहें। इस मुठभेड़ में 25 जवानों व अधिकारियों की टीम ने 43 लाख रुपये के ईनामी नक्सली को मार गिराया था। इसमें 2 हार्डकोर नक्सली डिवीजन कमांडर रैंक की महिला नक्सली साजंती उर्फ क्रांति व एसीएम रघु उर्फ शेरसिंह को मार गिराने में सफलता मिली थी। इस मुठभेड़ में 25 जवान और पुलिस अधिकारी तथा इससे पूर्व बोरवन-सिरका जिला बालाघाट, जामसेहरा बालाघाट और मंडला के लालपुर में हुई पुलिस व नक्सल के बीच हुई मुठभेड़ में सफलता पाने वाले 2 जिला बल व 1 हॉकफोर्स के जवानों का क्रम से पूर्व पदोन्नति (ऑउट ऑफ टर्न प्रमोशन) सीएम डॉ. यादव द्वारा दी जाएगी।
                                  उनके निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे शनिवार को सुबह 10:20 बजे भोपाल स्थित स्टेट हेंगर से रवाना होकर 10:55 को जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट पहुचेंगे। यहाँ से वे 11 बजे रवाना होकर बालाघाट में पुलिस लाइन स्थित हेलीपेड पर 11:40 बजे उतरेंगे। इसके पश्चात सीएम डॉ. यादव पुलिस लाइन में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम के बाद वे इतवारी बाजार स्थित कृषि मंडी में होने वाले श्री अन्न संवर्धन अभियान वाले कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद वे छिंदवाड़ा के लिए रवाना होंगे।

 

Related Articles

Back to top button