प्रदेश

लायंस क्लब ने शिक्षक दिवस पर 55 सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान किया

महावीर अग्रवाल 

मन्दसौर ५ सितम्बर ;अभी तक ;   लायंस क्लब मंदसौर द्वारा प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी शिक्षक दिवस पर नूतन स्कूल सभागृह में आयोजित गरिमामय आयोजन में इस वर्ष सेवानिवृत्त हुए 55 शिक्षकों को प्रशंसा पत्र, शाल, श्रीफल भेंटकर व माला पहनाकर सम्मानित किया।
                              कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं मंदसौर यूनिवर्सिटी के चांसलर श्री नरेन्द्र नाहटा ने संबोधित करते हुए शिक्षकों से कहा कि आप रिटायर हुए है टायर नहीं। थके  नहीं है, इसलिये अपने समाज एवं देश के लिये सदैव सकारात्मक सोच के साथ कार्य करते रहे। शिक्षा के क्षेत्र में अपने कार्यकाल में जो अमूल्य अद्वितीय सेवाओं के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में आप द्वारा दिये गये योगदान हेतु आपको सम्मानित करते हुए हम गौरवान्वित है।
                                     नूतन स्कूल की प्राचार्य ज्योत्सना शर्मा ने कहा कि जीवन में गुरू के बिना ज्ञान संभव नहीं है। गुरु के महत्व को बताते हुए आपने कहा कि गुरू ब्रह्मा गुरू विष्णु, गुरु देवो महेश्वरा गुरु साक्षात परब्रह्मा, तस्मै श्री गुरुवे नमः। अर्थात गुरू ही साक्षात परमात्मा है हमें सदैव उनका सम्मान करना चाहिये। आज हमारा सौभाग्य है कि हम मंदसौर विकासखण्ड के सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान कर रहे है जिन्होंने अपने जीवन में कई विद्यार्थियों का भविष्य संवारने में अपनी अहम भूमिका निभाई।
क्लब अध्यक्ष जितेन्द्र पोरवाल ने स्वागत उद्बोधन देते हुए कहा कि शिक्षक दिवस पर शिक्षकों का सम्मान लायंस का महत्वपूर्ण प्रकल्प है जो लगभग 50 वर्षों से अनवरत आयोजित किया जा रहा है। जीवन में गुरू का महत्व कबीरदासजी के इस दोहे में समाहित है, गुरू गोविन्द दोऊ खड़े, काके लागु पाय, बलिहारी गुरू की जो गोविन्द दियो बताये। ज्ञान देने वाले सभी गुरुओं का वंदन है। आपने सभी सेवानिवृत्त शिक्षकों के स्वस्थ, यशस्वी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
प्रारंभ में समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मॉ सरस्वती एवं भारत के पूर्व राष्ट्रपति सर्वपल्ली डॉ. राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया।
अतिथियों का स्वागत क्लब अध्यक्ष जितेन्द्र पोरवाल, सचिव सिद्धार्थ पोरवाल, कोषाध्यक्ष सुनील बाफना, वरिष्ठ लायन बलजीतसिंह नारंग, अभय मेहता, विजयेन्द्र सेठी, एम.जे.एफ. सुभाष बग्गा, परमानंद अग्रवाल, सुरेन्द्र फरक्या द्वारा किया गया।
इस अवसर पर लायंस क्लब उपाध्यक्ष रत्नेश कुदार, प्रोजेक्ट चेयरमेन डॉ. कमल संगतानी, गौरव रत्नावत, मयंक गांधी, डॉ. विक्रांत भावसार आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सीए. राजेश मण्डवारिया ने किया एवं आभार सचिव सिद्धार्थ पोरवाल ने माना।

Related Articles

Back to top button